कानपुर में बिठूर के मंधना क्षेत्र में कटखने बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। बंदरों के झुंड घरों की छतों पर डेरा जमाए रहते हैं और छत पर जाने वाले लोगों को देखते ही दौड़ा लेते हैं। इनके डर से लोग अपने ही घरों की छत पर जाने से भी कतरा रहे हैं। आलम यह है कि सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद लोग छतों पर बैठकर धूप तक नहीं सेंक पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में बंदरों के हमले का खतरा लगातार बना रहता है। बीते वर्ष 2025 में एक बुजुर्ग महिला बंदर के दौड़ाने पर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद से लोगों में बंदरों को लेकर भारी दहशत है।