औरैया जिले में शादी से लौट रहे परिवार पर बेखौफ बदमाशों ने देर रात कहर बरपा दिया। फफूंद थाना क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने कार को जबरन घेरकर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि एक युवती भी घायल हो गई। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर बदमाशों की तलाश में दबिश दी है, लेकिन अभी तक किसी को पकड़ा नहीं जा सका है। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी पिंटू राजावत (45) अपनी बेटी मांसी (20) और गांव के ही मर्चेंट नेवी अधिकारी मनोहर (32) के साथ बुधवार शाम कुठर्रा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

देर रात समारोह से लौटते वक्त गांव रघुनाथ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रोक लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में पिंटू और मनोहर के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि मांसी भी घायल हो गई।