हंडिया थाना क्षेत्र के भेसकी पेट्रोल पंप के पास बुधवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। वाराणसी से प्रयागराज जा रही बस और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पलटकर सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसे में बस सवार एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और स्कॉर्पियो दोनों वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही थीं। भेसकी पेट्रोल पंप के पास बस चालक स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर लगते ही स्कॉर्पियो पलटते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। हादसे में बस सवार एक अधेड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का पंजीकरण नंबर यूपी 70 एफआर 3659 और बस का नंबर यूपी 70 ईटी 7490 बताया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पीआरवी 112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों की स्थिति को देखते हुए कई एंबुलेंस बुलाई गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदाबाद भेजा गया।

हादसे के बाद काफी देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।