गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंगलवार सुबह से हाईवे पर किया गया भारी वाहनों का डायवर्जन पुलिस अफसरों के लापरवाह रवैये से सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गया। हाईवे से दिनभर ट्रक, ट्राॅला, डंपर, टैंकर और कंटेनर गुजरते रहे। इसके कारण लोगों को न सिर्फ जाम से जूझना पड़ा बल्कि श्रद्धालुओं की जान भी जोखिम में डाली गई।

दोपहर बाद गुरुद्वारे पर कट बंद करने से सिकंदरा पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रकाश पर्व के लिए डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र कुमार ने हाईवे पर भारी वाहनों के लिए सुबह आठ बजे से डायवर्जन की व्यवस्था की थी। वाहनों को उत्तरी बाईपास और दक्षिणी बाईपास से फिरोजाबाद और कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए मथुरा की तरफ निकाला जाना था।

यह आदेश कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए था। पुलिस की ढिलाई से हाईवे पर भारी वाहन भीड़ के बीच रफ्तार से चलते रहे। गुरुद्वारे पर सर्विस रोड से लेकर कट तक पुलिस तैनात थी हाईवे से निकलते भारी वाहन नहीं दिखे। उन्हें रास्ते से निकलने की खुली छूट दी गई। किसी अधिकारी ने भी यह जानने की जहमत नहीं उठाई कि डायवर्जन का पालन हो रहा है या नहीं।

यह तब था जब ट्रांसपोर्ट नगर की ओर की सर्विस रोड से लोग हाईवे पार कर गुरुद्वारा की तरफ जा रहे थे। शाम को पांच बजे गुरुद्वारा कट पर बैरियर लगा दिए गए। यहां से वाहनों का टर्न लेना बंद हो गया। एक तरफ भारी वाहन निकल रहे थे तो दूसरी तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ निकल रही थी। कट बंद करने से सिकंदरा पर फंसे वाहन पुलिस ने गुरुद्वारा पर कट बंद कर दिया तो आरओबी से आने वाले वाहनों को खंदारी की तरफ जाने के लिए या तो ट्रांसपोर्ट नगर सर्विस रोड से जाना पड़ा या भावना एस्टेट कट से यूटर्न लेकर आना पड़ रहा था।

वाहनों का दबाव बढ़ने की वजह से सिकंदरा और गुरुद्वारा कट पर वाहनों की लाइन लग गई। रात आठ बजे तक स्थित और बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों के डायवर्जन में कोई रुचि नहीं दिखाई। इससे लोग जाम से जूझते रहे। पांच मिनट का रास्ता तय करने में आधे से एक घंटे का समय लगा। डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि प्रकाश पर्व के मद्देनजर हाईवे पर भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया था।

किसी तरह की लापरवाही हुई है तो जांच कराई जाएगी। बिना अनुमति कोई भी भारी वाहन निकला है तो पुलिसकर्मियों से जवाब तलब किया जाएगा। दोषी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।