हरदोई जिले में कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के राधानगर इलाके में मंगलवार को पारिवारिक विवाद में एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राधानगर निवासी रामेंद्र सिंह (53) अपनी पत्नी अंजू सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। इस बात का उनके पुत्र सत्यम सिंह (28) ने विरोध किया, जिस पर पिता और पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान आक्रोशित होकर सत्यम सिंह ने अपने पिता रामेंद्र सिंह पर धारदार हथियार से वार कर दिया।