शेख हसीना की वापसी से बांग्लादेश ने इनकार कर दिया है। इसको लेकर एक्सपर्ट्स के बयान आने लगे हैं। पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने इसको लेकर कहा कि जब से शेख हसीना ने बांग्लादेश वापस जाने की बात कही है, बांग्लादेश में भूचाल मचा हुआ है। पूर्व राजनयिक ने यहां तक कह डाला कि अगर शेख हसीना को जान का भी खतरा रहेगा तो वह अपने ही देश में मरना पसंद करेंगी।
उन्होंने कहा कि वह खुद भी अपने देश वापस लौटना चाहती हैं। उनके समर्थक भी ऐसा ही चाहते हैं। अपने देश से मिले फीडबैक के आधार पर ही उन्होंने यह फैसला लिया होगा। वीणा सीकरी ने कहा कि बांग्लादेश के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। आर्थिक तौर पर देश गहरे संकट में है।गौरतलब है कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को देश वापसी की योजना बना रखी है।
लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनकी इस योजना को खारिज कर दिया है। असल में 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने के पीछे शेख हसीना की खास योजना है। इसी दिन यह देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी विजय का उत्सव मनाता है। स्वदेश लौटने की प्रस्तावित तारीख की घोषणा करते हुए उनके प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि हसीना (79) ने बांग्लादेश सरकार से उनके लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।बांग्लादेश में कैसी प्रतिक्रियाहालांकि शेख हसीना के इस बयान पर ढाका में तीखी प्रतिक्रिया आई है।
सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा। उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है। हसीना के प्रवक्ता अली ने कहा कि उन्होंने नौ और 19 नवंबर को उनके वकील द्वारा भेजे गए पत्रों के माध्यम से नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से आवश्यक यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है।क्या है विजय दिवसअली ने बयान में कहा कि हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस पर होगी जो 1971 में मुक्ति संग्राम के समाप्त होने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
शेख हसीना ने इस बात पर जोर दिया है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान एयरलाइन्स’ से लौटेंगी। उन्होंने कहा कि चूंकि शेख हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।अली ने कहा कि सरकार की उनकी वापसी सुगम बनाने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संविधान के विपरीत उन्हें ऐसी परिस्थितियों में निर्वासित करने के बाद अब सरकार की जिम्मेदारी है कि 16 दिसंबर को विजय दिवस पर उनकी वापसी संभव बनाए। छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत होने के साथ वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गई थीं, जहां वह निर्वासन में रह रही हैं।हसीना पर क्या है आरोपहसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में नवंबर 2025 में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे।
बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, वहीं नयी दिल्ली ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से अध्ययन किया जा रहा है। हसीना की वापसी का मुद्दा बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बन गया है। ढाका इस बात पर जोर दे रहा है कि हसीना को एक द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस भेजा जाए।
हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश लौटना चाहती हैं और एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। इससे पहले उनके वकील ने नयी दिल्ली में बांग्लादेश मिशन से संपर्क किया था और उन्हें नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया था ताकि वह लौट सकें। बांग्लादेश सरकार ने उनके अनुरोध को खारिज कर दिया है।