25 नवंबर को युवती की शादी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही पूर्व दोस्त ने ऐसा कदम उठाया कि रिश्ता टूट गया। आरोप है कि शादी से इन्कार करने पर उसने युवती की निजी तस्वीरें और कॉल रिकॉर्डिंग उसके मंगेतर के घर भेज दीं। इसके बाद मंगेतर पक्ष ने शादी करने से इन्कार कर दिया। कैंट पुलिस ने अजय कुमार, उसके भाई और पिता समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

कैंट निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक पहले उसका दोस्त था। बाद में वह उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती ने शादी से इन्कार कर दिया तो आरोपी उसकी निजी फोटो और चैट के जरिये उसे परेशान करने लगा। कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।