बलिया में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को उत्तर प्रदेश एसटीएफ लखनऊ की टीम ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल काफी समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ नगरा और बलिया कोतवाली थानों में चोरी समेत कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बलिया पहुंची, जहां उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष नगरा संजय मिश्र ने बताया कि एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित इनामी गुजरात के सूरत में रह रहा है।

सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने 12 नवंबर को दोपहर में सूरत शहर के पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर आशापुरी सोसाइटी-02, गोवलनगर रोड पर घेराबंदी कर मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल निवासी रुद्रवार, थाना सिकंदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।