एस्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स कंपनी में करीब 70 लाख रुपये के आभूषण और नकदी का गबन करने के मामले में फरार चल रहे मास्टरमाइंड को सिगरा पुलिस और एसओजी की टीम ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के मेहम निवासी राज कुमार (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे शनिवार को फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन चौकी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वाराणसी के नीचीबाग निवासी रितेश कुमार बबूना ने सात सितंबर 2026 को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह एस्प्रा कंपनी की फ्रेंचाइजी मेसर्स काशी मधुरम में साझेदार हैं।
आरोप है कि कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर तैनात राज कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये के आभूषण और नकदी का गबन किया था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।