पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने जमीन विवाद में चार भतीजों पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर दिव्यांग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चारों आरोपी भतीजे घर से भाग गए।

दियोरिया गांव निवासी रामकुमार गंगवार ने बताया कि उनका 35 वर्षीय छोटा भाई ओमकार गंगवार अविवाहित और दिव्यांग था। उनके नाम छह बीघा जमीन है। ओमकार के बड़े भाई स्वर्गीय रामेश्वर दयाल के चारों पुत्र काफी समय से उन पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। ओमकार जमीन उनके नाम करने को तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर भतीजे उनसे रंजिश रखने लगे थे।

आरोप: भतीजों ने तमंचे के बल पर खिलाया जहर रामकुमार के मुताबिक, सोमवार रात करीब दो बजे चारों भतीजे ओमकार के पास पहुंचे। आरोप है कि तमंचे के बल उन्हें जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद चारों वहां से भाग गए। जहर से ओमकार की हालत बिगड़ने लगी तो उन्होंने अपने बड़े भाई रामकुमार को जगाकर पूरी घटना बताई।

इसके बाद रामकुमार उन्हें लेकर बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां उपचार के दौरान ओमकार ने दम तोड़ दिया।