गुजरात में अंबाजी मंदिर में करेंगे दर्शन 14 नवंबर को प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा में स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। अंबाजी मंदिर 51 शक्ति पीठों में से एक है। प्रशांति कुटिरम के स्वर्ण जयंती समारोह प्रधानमंत्री मोदी स्वामी विवेकानंद योग अनुसन्धान संस्थान (एस-व्यासा) के आवासीय मुख्यालय परिसर, प्रशांति कुटिरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भी भाग लेंगे।

इस अवसर पर वे स्वर्ण जयंती प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा ऑफ-कैंपस का शुभारंभ करेंगे। यह समारोह 13 से 23 नवंबर तक 'विकसित भारत 2047 की ओर' थीम पर आयोजित किया जा रहा है। बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को वर्चुअली जुड़ेंगे पीएम मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे और देशभर के लोगों को संबोधित करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक देशभर में सप्ताहव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में होने वाले इन आयोजनों का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को सामने लाना है।

इसके साथ ही आदिवासी समुदाय के जीवन स्तर में आए बदलाव और उनके विकास के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान बिरसा मुंडा के अलावा तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती, तांत्या भील और रानी गैदिन्ल्यू जैसे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया जाएगा।

गौरतलब है कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी समुदाय को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ी थी। वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।