लक्षद्वीप अपने खूबसूरत नीले पानी, रेतीले तटों और वॉटर स्पोर्ट्स के लिए जाना जाता है।
लक्षद्वीप भारत का सबसे छोटा केंद्र शासित प्रदेश है, लेकिन इसका खूबसूरती की कोई मिसाल नहीं। ये आस-पास फैले नीले रंग के समुद्र और शांत वातावरण के लिए दुनियाभर में मशहूर है। असल में ये एक द्वीप नहीं है, बल्कि छोटे-छोटे द्वीपों का समूह है, जो आपको किसी स्वर्ग जैसा अनुभव कराते हैं। अगर आप भी लक्षद्वीप घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आइए जानें वहां की खूबसूरत जगहों के बारे में, जहां आपको जरूर जाना चाहिए।
अपनी लक्षद्वीप की यात्रा अगाती द्वीप से शुरू करें, क्योंकि यहां लक्षद्वीप का मुख्य हवाई अड्डा है। अगाती अपने लंबे और रेतीले समुद्री तटों के लिए जाना जाता है। यहां का लैगून स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसे वॉटर स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। इसके साथ ही, पानी के अंदर रंग-बिरंगी मछलियां और कोरल रीफ्स भी देख सकते हैं।
कवरत्ती लक्षद्वीप की राजधानी है और अपनी सुंदरता से पर्यटकों को आकर्षित करती है। ये द्वीप अपने खूबसूरत लगून और सफेद रेत के समुद्री तटों के लिए मशहूर है। यहां के मरीन एक्वेरियम में आप समुद्री जीवों को करीब से देख सकते हैं।
लक्षद्वीप के दक्षिण में स्थित मिनीकॉय अपनी अलग संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां मालदीव की संस्कृति का प्रभाव देखने को मिलता है। यहां का पारंपरिक लावा डांस खास अवसरों पर किया जाता है। इस द्वीप पर ब्रिटिश काल में बना 300 साल पुराना लाइट हाऊस भी है, जो पर्यटकों को अपनी ओर खूब आकर्षित करता है। मिनीकॉय टूना मछली पकड़ने और वाटर स्पोर्ट्स के लिए भी बहुत प्रसिद्ध है।
अगर आप शांति से प्रकृति की खूबसूरती में छुट्टी बिताना चाहते हैं, तो बंगारम द्वीप सबसे बेहतरीन जगह है। ये अपने साफ नीले पानी और घने नारियल के पेड़ों के लिए जाना जाता है। यहां से सनसेट का व्यू देखना काफी अनोखा एक्सपीरिएंस होता है।
कालपेनी द्वीप अपने खूबसूरत और शांत लैगून के साथ-साथ मूंगा चट्टानों के लिए भी जाना जाता है। इस द्वीप की खासियत है कि यहां पर काफी मात्रा में कोरल डेब्रीज फैले हैं। यहां आप कयाकिंग, सेलिंग और रीफ वॉकिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं।