सफ़ेद रेत, नीला पानी, टूटती और टकराती लहरें. यह नज़ारा ख़ास है.

ये पढ़कर आपके घुमक्कड़ मन में यात्रा का लड्डू फूटा? क्या आप भी भारत में किसी समंदर बीच पर जाकर इस ख़ूबसूरती का आनंद लेना चाहते हैं?

अगर हाँ तो भारत में ऐसे कई सुंदर बीच हैं. इन सुंदर जगहों में 2024 की शुरुआत से ज़्यादा चर्चा में आया लक्षद्वीप भी शामिल है.

लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश है और भारत के दक्षिण पश्चिम में है.

ये 36 द्वीपों वाली एक जगह है, जहाँ की ख़ूबसूरती की तुलना कुछ लोग मालदीव से भी करते रहे हैं.

अगर आप लक्षद्वीप जाने की सोच रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखने की ज़रूरत है.

इस कहानी में जानिए कि लक्षद्वीप तक कैसे पहुंचा जा सकता है? कौन सा तरीक़ा या रास्ता आपके लिए ज़्यादा बेहतर रहेगा? पर पहले लक्षद्वीप के बारे में कुछ बातें जान लीजिए.

आप भारत के किसी भी हिस्से से केरल के कोच्चि की फ्लाइट या ट्रेन लीजिए.

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

कोच्चि पहुँचने पर आपको जो पहला काम करना चाहिए वो है लक्षद्वीप जाने का परमिट लेना.

भारत में कुछ ऐसी संवेदनशील या सरंक्षित जगहें हैं, जहाँ जाने से पहले आपको प्रशासन से अनुमति लेनी होती है. लक्षद्वीप भी ऐसी ही एक जगह है.

कोच्चि में विलिंगटन आइलैंड इलाक़े में लक्षद्वीप प्रशासन का दफ़्तर है. आप यहाँ जाकर परमिट के लिए अप्लाई कर सकते हैं.

अपनी यात्रा शुरू करने से पहले भी आप परमिट के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए यहां क्लिक कीजिए.

अप्लाई करते हुए आपको यात्रा की तारीख़, आईलैंड, दस्तावेज़ों को अपलोड करना होगा. ये सब चीज़ें अगर 15 दिन पहले कर दें, तो बेहतर रहेगा.