लोकसभा चुनाव के लिए नामजदगी के पर्चे भरे जा रहे हैं। वोटरों को रिझाने के लिए जलसे , रोड शो और रैलियां हो गयी हैं। केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों को बड़ा तोहफा देते हुए इनकी मजदूरी में 3 से 10 फीसदी तक का इजाफा किया है। अब मनरेगा मजदूरों को अपनी मजदूरी के बदले पहले से अधिक पैसा मिलेगा।

केंद्र ने चुनाव से पहले अगले वित्त वर्ष के लिए मनरेगा मजदूरी दरों में 3-10 परसेंट की बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही मनरेगा मजदूरों का पैसा बढ़ जाएगा। सरकार ने लोकसभा चुनाव के ठीक बीच यह फैसला लिया है। इस कड़ी में सबसे अधिक मजदूरी गोवा में बढ़ाई गई है। गोवा में प्रति दिन 34 रुपये की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई है। यूपी, उत्तराखंड में सबसे कम 7 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई है। गोवा में मौजूदा मजदूरी (NREGS) दर पर 10.56 परसेंट की अधिकतम बढ़ोतरी देखी गई है।