जादूगोड़ा (पूर्वी सिंहभूम)। जहां लगातार हो रही बारिश ने एक ओर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं दूसरी ओर हाथीविंदा पंचायत के भालुकडीह गांव के ग्रामीणों के लिए यह बारिश कमाई का अवसर बन गई। बीते 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी उफान पर आ गई और उससे बहकर बड़ी संख्या में मछलियां खेतों में पहुंच गईं।
खेत बने मछलियों का अड्डा
गांव के आसपास के खेतों में जब ग्रामीणों ने देखा कि नदी से मछलियां बहकर आ गई हैं, तो उन्होंने जाल फेंककर मछलियां पकड़नी शुरू कर दीं। देखते ही देखते कई क्विंटल मछली इकट्ठा कर ली गई।
50 रुपये किलो में हुई बिक्री
पकड़ी गई मछलियों को ग्रामीणों ने गांव में घूम-घूम कर 50 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हुई। गांव के ही चित्र रथ सिंह, विष्णु महतो, विश्वनाथ महतो और मनींद्र नाथ महतो ने ढाई किलो की एक बड़ी मछली भी पकड़ी, जिसे ग्रामीणों को सौंप दिया गया।
बारिश बनी वरदान
जहां एक ओर बारिश ने कई इलाकों में बाढ़ और जलजमाव जैसी समस्याएं पैदा की हैं, वहीं भालुकडीह जैसे गांव में यह प्राकृतिक वरदान साबित हुई। ग्रामीणों के चेहरों पर कमाई की खुशी साफ नजर आई।