कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा पर अपनी नाबालिग बेटी का यौन शोषण करने का आरोप लगाने वाली महिला की मौत की पुलिस जांच की मांग की है। आयोग महिला की मौत और उसके शव के साथ किए गए व्यवहार के बारे में बेंगलूरु पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
इसी साल फरवरी में शिकायत दर्ज कराने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि येडियूरप्पा ने बेंगलूरु स्थित अपने आवास पर उसकी 17 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ की, मई में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने कहा है कि उसकी मौत फेफड़ों के कैंसर के कारण हुई। हालांकि, महिला आयोग ने उसकी मौत और दफनाने की परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की है, जिसमें कहा गया है कि शव का अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम के बिना ही कर दिया गया।
महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने बेंगलुरु पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर त्वरित और गहन जांच का आग्रह किया है। चौधरी ने पीड़िता के परिवार और विभिन्न संगठनों द्वारा पोस्टमार्टम न होने के बारे में उठाई गई चिंताओं को उजागर किया।
चौधरी ने कहा कि पीड़िता के भाई और कुछ संगठनों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि महिला की मौत के बाद भी उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। उन्हें यह बहुत संदिग्ध लगता है कि पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। जब शिकायत दर्ज की जाती है, तो पुलिस को जांच करने के लिए बाध्य होना पड़ता है।