रावलपिंडी: पाकिस्तान के रावलपिंडी में मशहूर टीवी एंकर राबिया अहसन की गोली लगने से मौत हो गई। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गोली चलाने वाला कोई और नहीं, बल्कि उनका पति बताया जा रहा है। हालांकि, पति का दावा है कि उसने जानबूझकर गोली नहीं चलाई थी। उसे कथित तौर पर इस बात की जानकारी नहीं थी कि पिस्टल में गोली भरी हुई है।

घटना रविवार को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में हुई। 41 वर्षीय राबिया अहसन एक निजी टीवी चैनल में एंकर और कार्यक्रम होस्ट थीं। गोली उनके गले के नीचे लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।

घर के लॉन में बैठी थीं राबिया, तभी चली गोली

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय राबिया अपनी दोनों बेटियों के साथ घर के लॉन में बैठी थीं। उनकी बेटियां उस वक्त अपनी दादी के पास थीं। इसी दौरान उनके पति की पिस्टल से गोली चल गई, जो सीधे राबिया को लगी।

राबिया के पति ने पुलिस को बताया कि गोली अचानक चल गई थी और उन्हें पता नहीं था कि पिस्टल में कारतूस मौजूद है। हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।

राबिया के भाई की शिकायत पर पुलिस ने उनके पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।

दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया

राबिया अहसन अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गई हैं, जिनकी उम्र 13 और 11 साल है। घटना के वक्त दोनों बच्चियां घर में ही अपनी दादी के साथ मौजूद थीं।

रावलपिंडी के सिटी पुलिस अधिकारी हसन सुखेरा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी से भी पूछताछ की है।

मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। वहीं, राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा ने जताया दुख

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने राबिया अहसन की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

आसिफा ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने रावलपिंडी में महिलाओं की हत्या की घटनाओं पर भी चिंता जताई।

पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा चिंता का विषय

पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2001 से 2024 के बीच महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए।

राबिया अहसन की मौत ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई अहम पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।