Himachal Nikay Chunav 2026: हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे भाजपा के लिए ऐसे समय में आए हैं, जब पार्टी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है। चार नगर निगमों में से तीन पर कब्जा और जिला परिषद चुनावों में अधिकांश जिलों में बढ़त ने भाजपा को यह दावा करने का मौका दिया है कि राज्य की राजनीति में उसका जनाधार मजबूत हो रहा है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इन नतीजों को भाजपा के पक्ष में जनादेश मानने से इंकार करते हुए इसके पीछे स्थानीय नेताओं और क्षेत्रीय समीकरणों की भूमिका को प्रमुख कारण बता रहे हैं। हालांकि चुनाव परिणामों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर जीत और हार का आधार केवल स्थानीय प्रभाव था, तो फिर राजनीतिक संदेश भाजपा के पक्ष में जाता हुआ क्यों दिखाई दे रहा है?चार नगर निगमों के नतीजों ने बदली तस्वीरस्थानीय निकाय चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा चार नगर निगमों के परिणामों की हो रही है।
मंडी, धर्मशाला, सोलन और पालमपुर नगर निगमों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था, क्योंकि चुनाव पार्टी चिन्हों पर लड़े गए। इनमें भाजपा ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस केवल पालमपुर में जीत दर्ज कर सकी।राजनीतिक दृष्टि से यह परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं क्योंकि शहरी क्षेत्रों में सीधे दलों की लोकप्रियता का आकलन इन्हीं चुनावों से होता है।
भाजपा की तीन नगर निगमों में जीत ने विपक्षी दल को मनोवैज्ञानिक बढ़त दी है, जबकि कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ एक नगर निगम आना उसके लिए निराशाजनक माना जा रहा है।सुक्खू का तर्क, स्थानीय नेताओं का रहा असरमुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि नगर निगम चुनावों को विधानसभा चुनावों के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
उनके अनुसार इन चुनावों में स्थानीय विधायकों और प्रभावशाली नेताओं की भूमिका काफी अहम रहती है।सुक्खु का इशारा मंडी और धर्मशाला की ओरधर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा कभी कांग्रेस के बड़े नेताओं में गिने जाते थे। 2022 में वह कांग्रेस टिकट पर विधायक चुने गए थे, लेकिन 2024 में राज्यसभा चुनाव के बाद पैदा हुए राजनीतिक संकट के दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए।
बाद में हुए उपचुनाव में वह भाजपा उम्मीदवार के रूप में फिर विधानसभा पहुंचे। वीरभद्र सिंह सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और धर्मशाला क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है।इसी तरह मंडी के भाजपा विधायक अनिल शर्मा भी लंबे समय तक कांग्रेस राजनीति का हिस्सा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा कई बार विधायक चुने जा चुके हैं और मंडी क्षेत्र में उनका व्यक्तिगत प्रभाव आज भी कायम माना जाता है।
मुख्यमंत्री सुक्खू का मानना है कि इन दोनों नेताओं की व्यक्तिगत राजनीतिक ताकत ने भाजपा को मंडी और धर्मशाला में बढ़त दिलाई।सोलन का सवाल सुक्खू के तर्क को चुनौती देता हैहालांकि मुख्यमंत्री के इस तर्क के सामने सबसे बड़ा सवाल सोलन नगर निगम का परिणाम खड़ा करता है। दरअसल, सोलन जिला कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है।
जिले की पांचों विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास हैं। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता इसी जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके बावजूद कांग्रेस सोलन नगर निगम ही नहीं, जिले के कई अन्य स्थानीय निकायों में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी।यही वजह है कि राजनीतिक विश्लेषक इन परिणामों को केवल स्थानीय समीकरणों तक सीमित नहीं मान रहे।
उनका कहना है कि अगर स्थानीय प्रभाव ही निर्णायक होता, तो कांग्रेस को सोलन जैसे जिले में बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था।पालमपुर ने कांग्रेस को दी राहतचार नगर निगमों में कांग्रेस को एकमात्र राहत पालमपुर से मिली। यहां पार्टी ने स्पष्ट जीत दर्ज की। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि पालमपुर में कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर उनकी पकड़ का पार्टी को लाभ मिला।
यह उदाहरण मुख्यमंत्री सुक्खू के उस तर्क को भी कुछ हद तक मजबूती देता है कि स्थानीय नेताओं का प्रभाव नगर निगम चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लेकिन भाजपा का कहना है कि यदि स्थानीय प्रभाव को ही आधार माना जाए, तो फिर सोलन और कई अन्य क्षेत्रों में कांग्रेस की हार को कैसे समझाया जाएगा।जिला परिषद चुनावों ने भाजपा का दावा और मजबूत कियानगर निगमों के अलावा पंचायत चुनावों के नतीजे भी भाजपा के लिए उत्साहजनक रहे हैं।प्रदेश के 12 जिलों में से 10 जिलों में जिला परिषद स्तर पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बढ़त हासिल की है।
कई जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना बन गई है।कांग्रेस यह जरूर कह रही है कि ग्राम पंचायत, प्रधान और उपप्रधान स्तर पर उसके समर्थित उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में जीत दर्ज की है, लेकिन जिला परिषद जैसे राजनीतिक रूप से प्रभावशाली मंचों पर भाजपा की बढ़त को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।भाजपा क्यों मान रही है इसे बड़ा राजनीतिक संकेत?भाजपा इन परिणामों को सिर्फ स्थानीय निकाय चुनाव नहीं, आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जनता के मूड का संकेत मान रही है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा नेतृत्व का कहना है कि जनता ने कांग्रेस सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं और यही असंतोष चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है।भाजपा का तर्क है कि नगर निगम चुनाव सीधे पार्टी चिन्हों पर लड़े गए थे, इसलिए इन्हें केवल स्थानीय समीकरणों तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। पार्टी के लिए यह परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 2022 विधानसभा चुनाव हारने के बाद उसे पहली बार ऐसा मौका मिला है, जब वह राज्य स्तर पर राजनीतिक बढ़त का दावा कर सकती है।2027 की लड़ाई से पहले कांग्रेस के लिए चेतावनी?स्थानीय निकाय चुनावों को विधानसभा चुनावों का सीधा सेमीफाइनल कहना शायद जल्दबाजी होगी।
लेकिन यह भी सच है कि ऐसे चुनाव राजनीतिक दलों की जमीनी ताकत, संगठन की सक्रियता और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का संकेत जरूर देते हैं।चार नगर निगमों में तीन की हार और जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बढ़त कांग्रेस के लिए चेतावनी मानी जा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू भले ही इन परिणामों को स्थानीय नेताओं के प्रभाव से जोड़ रहे हों, लेकिन चुनावी आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि कांग्रेस को शहरी क्षेत्रों और संगठनात्मक स्तर पर अपनी रणनीति की समीक्षा करनी होगी।फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि इन चुनावों ने भाजपा को नया राजनीतिक आत्मविश्वास दिया है, जबकि कांग्रेस के सामने यह चुनौती खड़ी कर दी है कि वह इन नतीजों को केवल 'लोकल फैक्टर' बताकर आगे बढ़े या फिर इनके पीछे छिपे व्यापक राजनीतिक संदेश को समझने की कोशिश करे।रिपोर्ट : यूके शर्मा