कॉकरोच जनता पार्टी के सौरभ दास को लंदन जाने से क्यों रोका गया? अब इस पर सरकार की ओर से जवाब आ गया है। सरकार ने साफ किया कि इसकी वजह पासपोर्ट में जन्म स्थान (बर्थप्लेस) की जानकारी से जुड़ी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर सौरव दास को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।

नोटिस में उनसे सात दिनों के अंदर अपनी सही जन्म जगह बताने को कहा गया है और जवाब आने तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।जायसवाल ने आगे कहा कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को हर जानकारी सही-सही और पूरी देनी होती है। जन्म स्थान, पता, नाम और अन्य जरूरी विवरण सही होना चाहिए। अगर किसी आवेदक के खिलाफ कोई शिकायत आती है, या यह पता चलता है कि उसने कोई तथ्य छिपाया है या गलत जानकारी दी है, तो पासपोर्ट ऑफिस तुरंत नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगता है।

यह सामान्य प्रक्रिया है और नियमों के तहत होती है।दरअसल, मंत्रालय का यह बयान सौरभ दास के उस आरोप के बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सोमवार को दिल्ली के एयरपोर्ट पर उन्हें रोका गया। दास के अनुसार, रात करीब 1 बजे वे लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने वाले थे, तभी इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया।

अधिकारियों ने बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है, यानी पासपोर्ट पर कोई रोक लगी हुई है, जिसके कारण उन्हें यात्रा की इजाजत नहीं दी जा रही।बाद में सौरभ दास ने पीटीआई से बात करते हुए बताया था कि वह ब्रिटेन जा रहे थे क्योंकि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन ने एक पैनल डिस्कशन का आयोजन किया था।

इस कार्यक्रम में उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' के बारे में अपनी बात रखनी थी। सौरभ दास ने आगे बताया कि उन्हें अचानक रोके जाने से उनकी यात्रा रुक गई और वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद इसको लेकर जमकर बयानबाजी हुई थी। सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला था।हालांकि अब विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया कि दास को लंदन जाने से क्यों रोका गया था।

इसके साथ ही पासपोर्ट ऑफिस ने अब सौरभ दास को सात दिनों का समय दिया है कि वे अपनी जन्म जगह की सही जानकारी लिखित में दें। जब तक वे जवाब नहीं देते और मामला स्पष्ट नहीं होता, तब तक उन्हें पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।