संसद सत्र से पहले एक बार फिर परिसीमन मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की अगुवाई में इंडिया गठबंधन खुद को एकजुट रखने का प्रयास कर रहा है, वहीं केंद्र सरकार भी इस विधेयक को पारित कराने की हर मुमकिन कोशिश कर सकती है। बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र जल्द ही बुलाए जाने की संभावना है। इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन पर विचार किया जा सकता है।

इस संशोधन के तहत परिसीमन के माध्यम से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है।कांग्रेस रणनीतिकार मानते हैं कि इंडिया गठबंधन अपने पुराने रुख पर कायम है। विपक्षी गठबंधन का कहना है कि लोकसभा की 543 सीट को अगले 25 सालों तक सीमित रखा जाए। साथ ही लोकसभा में इस संख्या के आधार पर ही 2029 के चुनाव में 33 फीसदी महिला आरक्षण को लागू किया जाए।

गठबंधन रणनीतिकारों का कहना है कि आम आदमी पार्टी और डीएमके भी इस पर सहमत है। इसलिए केंद्र सरकार के लिए परिसीमन विधेयक पारित कराना बेहद मुश्किल होगा। गौरतलब है कि इससे पहले इस साल 16 अप्रैल को विपक्ष के विरोध के चलते सरकार परिसीमन विधेयक पारित कराने में विफल रही थी।आयोग में ज्ञानेश कुमार की मौजूदगी मंजूर नहींइंडिया गठबंधन की नाराजगी की वजह सिर्फ सीट की संख्या में इजाफे से दक्षिण और छोटे राज्यों को होने वाले नुकसान नहीं है।

कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों को परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सदस्य के तौर पर नामित करना भी कतई मंजूर नहीं है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार विपक्षी पार्टियों के निशाने पर हैं। विपक्ष सीईसी के खिलाफ जहां सार्वजनिक तौर पर निशाना साध रहा है, वहीं संसद के अंदर और अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।दक्षिणी राज्यों की चिंता होगी दूर?इधर सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के मकसद से संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाने की संभावना पर विचार कर रही है।

हालांकि, प्रस्तावित बैठक की तारीख और अवधि की अब तक घोषणा नहीं की गई है। सरकार दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। विचाराधीन विकल्पों में से एक यह है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए।

हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं किया गया है।विशेष सत्र को लेकर अनिश्चितता के कारण शीतकालीन सत्र के समय को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। बता दें कि मौजूदा सत्र को विस्तारित करने के लिए कम से कम दो दिन पहले सूचना देना आवश्यक है, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन का नोटिस देना होता है।100 दिन बाद भी सत्रावसान नहींइससे पहले संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 100 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं किया है, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।

संसद के दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, लेकिन ना तो लोकसभा और ना ही राज्यसभा का सत्रावसान किया गया है। हालांकि संविधान में सदन की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद उसका सत्रावसान करने के लिए कोई निश्चित समयसीमा निर्धारित नहीं की गई है। लंबे समय तक सत्रावसान नहीं किया जाना अपने आप में किसी संवैधानिक अनियमितता के दायरे में नहीं आता है।NDA के लिए राह कितनी मुश्किल?इस अहम विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है, यानी 543 सदस्यों वाले मौजूदा सदन में 361 वोटों की जरूरत होगी। तीन सीटें खाली होने के कारण, अभी सदन में 540 सदस्य हैं। NDA के पास 320 सांसद हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे कुछ विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। लेकिन सरकार, हालांकि संख्या की बाधा पार करने को लेकर आश्वस्त दिख रही है।

सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बीते गुरुवार को भरोसा जताया कि यह विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। सरकार के सूत्रों ने पिछले दिनों उम्मीद जताई थी कि विधेयक लोकसभा में 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा।