कर्नाटक में हाथियों के स्थानांतरण को लेकर कांग्रेस पार्टी के अंदर हलचल तेज हो गई है। मुदिगेरे से कांग्रेस विधायक नयना मोटाम्मा ने सोमवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने हासन जिले से हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे इलाके में शिफ्ट करने के फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के फैसले का कड़ा विरोध किया है।

हालांकि, विधानसभा स्पीकर जीएस पाटिल ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और कहा कि इस्तीफा सही फॉर्मेट में जमा करना होगा।क्या है पूरा मामला?नयना मोटाम्मा सुबह अपना इस्तीफा लेकर स्पीकर के कार्यालय पहुंचीं। वहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस्तीफा निर्धारित फॉर्मेट में नहीं है, इसलिए इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इसके बाद वे स्पीकर के प्राइवेट सेक्रेटरी के कार्यालय भी गईं और वहां भी अपना पक्ष रखा। स्पीकर ने स्पष्ट कहा कि अगर वे इस्तीफा देना चाहती हैं तो उन्हें नियमों के मुताबिक लिखित में सही फॉर्मेट में देना होगा।बता दें कि मोटाम्मा मुदिगेरे विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे हासन जिले के बेलूर से करीब 50 से 60 हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे के टटकोला रिजर्व फॉरेस्ट (भद्रा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी के आसपास के इलाके) में शिफ्ट करने का विरोध कर रही हैं।क्या बोलीं विधायक?विधायक का कहना है कि यह फैसला उन किसानों के लिए बहुत नुकसानदायक साबित होगा जो पहले से ही हाथी-मनुष्य टकराव की समस्या से जूझ रहे हैं।

हासन और चिकमगलूर दोनों जिलों में हाथी अक्सर खेतों में घुसकर फसलें नष्ट कर देते हैं। कई बार जान-माल का नुकसान भी होता है। मोटाम्मा का तर्क है कि पहले से परेशान किसानों पर और अधिक बोझ डालना सही नहीं है।गौरतलब है कि फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने यह फैसला पिछले हफ्ते लिया था। हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो जाने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाथियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का आदेश जारी किया था।रविवार को किया था प्रेस कॉन्फ्रेंस?रविवार को नयना मोटाम्मा ने चिकमगलूर में अन्य स्थानीय नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

इसमें उन्होंने मांग की कि हाथियों के रिलोकेशन का ऑर्डर तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो हाथी पहले ही भेजे जा चुके हैं, उन्हें किसी और सुरक्षित जगह पर भेजा जाए, न कि मुदिगेरे इलाके में। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट किया था। पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि हम साफ संदेश दे रहे हैं कि अगर हमारे चुनाव क्षेत्र के लोगों की भलाई और किसानों की आजीविका के लिए यह ऑर्डर वापस नहीं लिया गया तो हम इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।फॉरेस्ट डिपार्टमेंट पर गंभीर आरोपमोटाम्मा ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से कोई सलाह नहीं ली। उन्होंने कहा कि मैं यह मानने को तैयार नहीं हूं। आपको हमसे सलाह लेनी चाहिए थी और हमारी मौजूदगी में सबको साथ लेकर कोई फैसला लेना चाहिए था। इसके बजाय आपने हमें बताए बिना, चुपके से यह काम करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर दो और विधायकों से बात की है।

पार्टी के कई नेताओं और मंत्रियों ने भी हस्तक्षेप किया है। हासन और चिकमगलूर के मुख्य वन संरक्षक (CCF) ने उनसे संपर्क किया और आश्वासन दिया कि ऑपरेशन रोक दिया गया है और स्थिति पहले जैसी ही रहेगी।हाथियों को वापस लाने की मांगहालांकि, मोटाम्मा इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि रात के समय जो हाथी इलाके से भगा दिए गए थे, उन्हें वापस लाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुदिगेरे के लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाली विधायक के रूप में मैं यह कह रही हूं कि अगर हाथियों को रात में भगाया गया है, तो उन्हें हमारे इलाके में वापस लाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर हाथियों को वापस नहीं लाया गया तो वे दोबारा अपना इस्तीफा दे देंगी।