केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के दौरान खड़े हुए कुछ मौलवियों की आलोचना हुई, जिसके बाद उन्होंने बुधवार को वीडियो बयान जारी कर अपने कदम पर अफसोस जताया। धर्मगुरुओं ने कहा कि वे अपनी गलती के लिए पश्चाताप कर रहे हैं।यह विवाद 23 नवंबर को शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम बजाए जाने के बाद शुरू हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष दरख्शां अंद्राबी ने किया था। इसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी शामिल हुए थे।कार्यक्रम में कई धर्मगुरु गीत के दौरान खड़े हुए थेइंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जम्मू-कश्मीर के धर्मगुरु वंदे मातरम बजने के दौरान खड़े हो गए थे।
इनमें प्रमुख गुज्जर नेता और नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद मियां अल्ताफ अहमद, शिया नेता इमरान अंसारी और अब्दुल राशिद शेख (दाऊदी) भी शामिल थे। बाद में इन धर्मगुरुओं के खड़े होने को लेकर आलोचना हुई। बुधवार को कार्यक्रम में शामिल कुछ धर्मगुरुओं ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि वे अपने इस कदम पर पश्चाताप कर रहे हैं।मुस्लिम धार्मिक संगठनों ने जताई आपत्तिजम्मू-कश्मीर में विभिन्न धार्मिक संगठनों और संस्थाओं के समूह मुत्तहिदा मजलिस उलेमा (MMU) ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम गाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
संगठन का कहना है कि धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जा सकता।MMU ने कहा कि इस्लाम मातृभूमि से प्रेम करने को प्रोत्साहित करता है, लेकिन मातृभूमि से प्रेम और उसकी पूजा करने के बीच स्पष्ट अंतर है। संगठन के मुताबिक, मातृभूमि को दैवीय स्वरूप देने वाली किसी भी अभिव्यक्ति या परंपरा को इस्लाम की मूल मान्यता तौहीद (ईश्वर की एकता) के खिलाफ माना जाता है और यह मुसलमानों के लिए स्वीकार्य नहीं है।यह संगठन कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व में विभिन्न मुस्लिम धार्मिक संगठनों और संस्थाओं का समूह है, जिसमें अलग-अलग विचारधाराओं के विद्वान और धर्मगुरु शामिल हैं।वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में गीत बजाने पर उठाए सवालMMU ने वंदे मातरम बजाए जाने को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों और उनकी पवित्रता की रक्षा के लिए जिम्मेदार संस्था वक्फ बोर्ड ने ही अपने कार्यक्रम में यह गीत बजाया।संगठन के अनुसार, कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं थी।
इसके बावजूद गीत बजाया गया, जिससे कश्मीरी मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची और लोगों में दुख तथा नाराजगी पैदा हुई।MMU ने जम्मू-कश्मीर में सरकारी कार्यक्रमों में नियमित रूप से वंदे मातरम शामिल किए जाने पर भी चिंता जताई। संगठन का कहना है कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक मान्यताओं और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी होती है तथा अविश्वास और अलगाव की भावना बढ़ सकती है।सरकार के सामने औपचारिक शिकायत देने की तैयारीMMU ने कहा है कि वह इस मामले में कानूनी राय लेने पर विचार कर रहा है।
संगठन ने संबंधित अधिकारियों के सामने औपचारिक प्रतिनिधित्व सौंपने की भी बात कही है। इस प्रतिनिधित्व के जरिए जम्मू-कश्मीर में सरकारी कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में वंदे मातरम को कथित तौर पर जबरन शामिल किए जाने पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।