राहुल गांधी इजरायल के समर्थन में बोल गए। सियासी गलियारों में बीते 24 घंटे में हर तरफ इसी बात की चर्चा हो रही है। चर्चा से ज्यादा बवाल। सवाल उठ रहे हैं कि जो कांग्रेस पार्टी आज तक गाजा में नरसंहार का हवाला देकर इजरायल की नेतन्याहू सरकार की खुलकर निंदा करती थी, आज उसी पार्टी के सबसे बड़े नेता इजरायल पर नरमी क्यों दिखाने लगे।
बात इतनी बिगड़ गई है कि राहुल गांधी को अपने ही साथियों ने सुना दिया। इंडिया गठबंधन के साथी दल के नेताओं ने राहुल गांधी के बयानों की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है। वामपंथी दलों ने तो कांग्रेस को हिपोक्रेट तक कह दिया है।दरअसल यह पूरा बखेड़ा खड़ा हुआ राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए एक बयान से। बीते सप्ताह राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में एक इंटरव्यू के दौरान इजरायल और भारत के साथ इजरायल के संबंधों को लेकर एक बयान दिया था।
कांग्रेस सांसद ने प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान इजरायल पर की गई अपनी टिप्पणियों के कुछ हिस्से खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया।क्या बोले थे राहुल गांधी?इस वीडियो में राहुल गांधी इजरायल के साथ मजबूत संबंधों की वकालत करते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी कहते हैं, भारत की विदेश नीति इस बात पर निर्भर होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है...
मैं इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन करता हूं। हमारे कुछ रणनीतिक हित हैं, हम उनसे हथियार भी खरीदते हैं।हालांकि इसके साथ ही गांधी ने कहा कि इसका मतलब गाजा पर चुप्पी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, मैं 7 अक्टूबर के हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करता हूं। मैं गाजा में इजरायल ने जो किया है उसकी भी निंदा करता हूं।
एक गलत दूसरे गलत को सही नहीं ठहरा सकता। हम 1.5 अरब लोगों का देश हैं। हमें किसी भी देश, इजरायल, अमेरिका, रूस या चीन के हिसाब से नहीं चलना चाहिए। भारत को उस बात के लिए खड़ा होना चाहिए जिस पर वह विश्वास करता है।”वामपंथी दलों ने साधा निशानाराहुल गांधी के इस बयान पर कांग्रेस के सहयोगी वामपंथी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
शनिवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस बयान की कड़ी आलोचना की। कांग्रेस की सहयोगी सीपीआई (एम) के नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन पर कांग्रेस पार्टी के पाखंड को उजागर करती हैं। विजयन ने लिखा, उनका साम्राज्यवाद समर्थक रुख नेहरू की विरासत को कमजोर करता है।
नेहरू की विदेश नीति फिलिस्तीनी संघर्ष के साथ एकजुटता में मजबूती से खड़ी थी। एक अन्य पोस्ट में विजयन ने कहा कि ऐसे समय में जब गाजा हमारे समय के सबसे विनाशकारी नरसंहारों में से एक का गवाह बन रहा है, जिसमें हजारों मासूम बच्चे शिकार हुए हैं, वह खुले तौर पर इजरायल के साथ मजबूत संबंधों और उनके नरसंहार के लिए जिम्मेदार देश से हथियार खरीदने की वकालत करते हैं; इस आपदा के सामने कूटनीतिक संतुलन साधने का उनकी कोशिश माफी लायक नहीं है।सीपीआई (ML) ने भी बयान पर नाराजगी जताई।
पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि जिस तरह नाजी जर्मनी या दक्षिण अफ्रीका के रंगभेदी शासन के साथ कोई रणनीतिक संबंध नहीं हो सकता था, उसी तरह गाजा में नरसंहार या इजरायल द्वारा फिलिस्तीन के क्रूर औपनिवेशिक कब्जे को सामान्य बनाने या कम करके आंकने की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इजरायल के साथ भारत के मौजूदा रणनीतिक संबंध, हथियारों की आपूर्ति सहित अडानी के नेतृत्व में बढ़ता कॉर्पोरेट व्यापार और इजरायल की जासूसी तकनीक और सुरक्षा मॉडल के उपयोग ने पहले ही भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि, विदेश नीति की विश्वसनीयता और आंतरिक लोकतंत्र को काफी नुकसान पहुंचाया है, इसलिए इसे भारत की रक्षा या राष्ट्रीय सुरक्षा जरूरतों के नाम पर उचित नहीं ठहराया जाना चाहिए।सोनिया और प्रियंका गांधी से उलट बोले राहुलगौरतलब है कि राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा इजरायल के मुद्दे पर पार्टी में सबसे मुखर आलोचकों में रही हैं।
12 अगस्त 2025 को उन्होंने इजरायली सरकार पर ‘नरसंहार’ करने का आरोप लगाया था और कहा था। उन्होंने यह भी कहा था कि यह शर्मनाक है कि भारत सरकार इस पर चुप खड़ी है। वहीं जून में द इंडियन एक्सप्रेस में लिखे एक लेख में सोनिया गांधी ने भी लिखा था कि राष्ट्रीय हित में यही है कि हम गाजा में इजरायल के नरसंहार के खिलाफ मोदी सरकार की चुप्पी को स्वीकार नहीं किया जा सकता।