बच्चों की परवरिश में सिर्फ उन्हें अच्छी आदतें और संस्कार सिखाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी सोच को सही दिशा देना भी जरूरी है। उन्हें बचपन से ही दूसरों की पसंद, आजादी और फैसलों का सम्मान करना सिखाना चाहिए। हाल ही में सामने आया एक मामला भी यही जरूरी संदेश देता है। दरअसल, सोशल मीड‍िया पर एक वीड‍ियो सामने आया है ,जहां पर एक बच्चा अपनी मां के कपड़ों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें सूट पहनने के लिए कहता है।

यह घटना पेरेंट्स को सीख देती है कि बच्चों को बचपन से ही दूसरों की पसंद का सम्मान करना और अपनी सोच किसी पर न थोपना सिखाना कितना जरूरी है। आइए जानते हैं पूरा मामला।'इतनी गंदी ड्रेस पहनकर कहां जाना है’ सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बच्चा अपनी मां से कहता नजर आ रहा है, 'इतनी गंदी ड्रेस पहनकर कहां जाओगी?

अभी कहीं जाना है क्या? फाड़ दूंगा ये ड्रेस, फाड़ दूंगा। नया ड्रेस पहनेगी, तो भी फाड़ दूंगा।' इसके बाद मां पूछती है, 'तो फिर तू बता, क्या पहनूं?' इस पर बच्चा कहता है, 'सूट पहनो। मैं शादी करूंगा, तो ऐसी ड्रेस बिल्कुल नहीं पहनाऊंगा।'​कोई भी कपड़े नहीं होते खराब फ‍िर मां बच्‍चे से पूछती है, 'इसमें क्या गलत है?

इसमें कुछ लगा हुआ है?' इस पर बच्चा कहता है, 'लोग भी सोचते होंगे कि कैसी ड्रेस पहनी है।' मां जवाब देती है, 'लोग कुछ नहीं सोच रहे हैं, तू इतना सोच रहा है।' मां और बेटे के बीच कपड़ों को लेकर हुई यह बहस पेरेंट्स को एक जरूरी सीख देती है। उन्हें बचपन से ही बच्चों को समझाना चाहिए कि सलवार-सूट हो या वेस्टर्न ड्रेस, कोई भी कपड़ा अच्छा या बुरा नहीं होता।

हर क‍िसी की अपनी पसंद होती है सिर्फ यह मान लेना कि सलवार-सूट ही अच्छे कपड़े हैं और वेस्टर्न ड्रेस नहीं, सही सोच नहीं है। कपड़ों को लेकर हर किसी की अपनी पसंद और सहजता हो सकती है। किसी को पारंपरिक कपड़े पसंद हो सकते हैं, तो किसी को वेस्टर्न ड्रेस पहनना अच्छा लग सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि एक की पसंद सही और दूसरे की गलत है।

कपड़ों से इंसान को जज करना ठीक नहीं ​पेरेंट्स को बच्चों को यह भी सिखाना चाहिए कि कपड़ों के आधार पर किसी के चरित्र, संस्कार या व्यक्तित्व का अंदाजा लगाना गलत है। किसी के पहनावे पर टिप्पणी करना, उसे शर्मिंदा करना या अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए मजबूर करना सही नहीं है। बच्चों को यह समझना जरूरी है कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद के कपड़े चुनने और पहनने की आजादी है।

दूसरों की पसंद का करें सम्‍मान ​बच्चों को बताएं कि उन्हें दूसरों की पसंद का सम्मान करना चाहिए और अपनी सोच या पसंद किसी पर थोपने से बचना चाहिए, ताकि वे समझ सकें कि हर व्यक्ति को अपनी मर्जी से जिंदगी जीने और अपने फैसले लेने का अधिकार है। किसी की पसंद हमसे अलग हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह गलत है।

यही सोच बच्चों में दूसरों के प्रति सम्मान, समझदारी और समानता का भाव विकसित करती है। Image-Magnific<strong>यहां देखें पूरा वीड‍ियो </strong> ​ View this post on Instagram A post shared by Ruh-e-Indore (@ruheindore) ​दूसरों का अनादर नहीं करें वहीं, इस बारे में अपनी राय रखते हुए पी. डी. हिंदुजा अस्पताल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर की साइकोलॉजिस्ट और काउंसलर शीना सूद कहती हैं कि जैसे-जैसे बच्चे बड़े होते हैं, वे स्वाभाविक रूप से अपनी राय और पसंद विकसित करने लगते हैं।

माता-पिता को उन्हें अपने विचार खुलकर व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। हालांकि, उन्हें यह सिखाना भी उतना ही जरूरी है कि अपनी राय रखने का मतलब यह नहीं है कि वे दूसरों की पसंद का अनादर करें या उसे नियंत्रित करने की कोशिश करें। बच्चों में यह समझ विकसित करने के लिए माता-पिता कुछ व्यावहारिक तरीके अपना सकते हैं, जैसे- बच्चों को अपनी राय व्यक्त करने दें और साथ ही उन्हें अलग-अलग दृष्टिकोण समझने में मदद करें।

पेरेंट्स खुद पर भी दें ध्‍यान वह आगे कहती हैं कि बच्चों से यह भी पूछें कि अगर कोई उनके रूप-रंग या कपड़ों को लेकर टिप्पणी करे या उन्हें जज करे, तो उन्हें कैसा लगेगा। बच्चों के सामने दूसरों के बारे में आलोचनात्मक या जज करने वाली टिप्पणी करने से बचें। साथ ही, बच्चों को प्रोत्साहित करें कि वे दूसरों की अलग-अलग पसंद, पृष्ठभूमि के लोगों का बिना किसी पूर्वाग्रह या आलोचना के सम्मान करें।