आगरा के न्यू आगरा के सुरेश नगर में 120 गज जमीन के विवाद में शाहिद कुरैशी उर्फ गुड्डू की हत्या करने की बात सामने आई है। एक आरोपी खून से लथपथ पड़े शाहिद के सिर पर तीन बार पत्थर उठाकर मारता है। आसपास से गुजरते लोग यह सब देखते रहे लेकिन किसी ने बचाने की हिम्मत नहीं की। पुलिस को घटना के दो वीडियो मिले हैं।

इसमें पत्थर मारता युवक और घटनास्थल पर लोग नजर आ रहे हैं। सुरेश नगर निवासी शाहिद के बेटे जैद ने बताया कि घर के पीछे ही 120 गज जमीन है। इस पर रिश्तेदार कब्जा करना चाहते हैं। गेट लगाया जा रहा था। विरोध करने पर हमला बोल दिया। मंगलवार को पिता अपने दोस्त दिलशाद के साथ थाना न्यू आगरा जा रहे थे। रास्ते में लोगों ने घेरकर उन्हें पीटा।

सिर पर पत्थर से प्रहार किए। उन्हें घटना के दो वीडियो मिले हैं। एक वीडियो 17 सेकंड तो दूसरा 38 सेकंड का है। 17 सेकंड के वीडियो में नजर आ रहा है कि शाहिद जमीन पर पड़े हैं। उनके पास ही स्कूटी भी पड़ी है। जैद का आरोप है कि चचेरा भाई आफताब जख्मी हालत में पड़े पिता के सिर पर बार-बार पत्थर मार रहा है। इससे आसपास खड़े लोग सहम जाते हैं।

वीडियो में आवाज आ रही है कि चल। यहां से चल। दूसरे वीडियो में पिता घायल पड़े हैं। आसपास लोगों की भीड़ है। डीसीपी सिटी रविंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आपराधिक मानव वध के प्रयत्न की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें तीन लोगों को नामजद किया गया। तब परिवार के करीब ने तहरीर दी थी। उसी पर कार्रवाई हुई।

विवेचक इंस्पेक्टर परिजन के बयान के आधार पर हत्या की धारा में तरमीम करेंगे। जिन लोगों की संलिप्तता होगी, उनके नाम भी बढ़ाए जाएंगे। इन्सानियत शर्मसार : अस्पताल ले जाने में की मदद लेकिन स्कूटी ले गया इस हत्याकांड में एक राहगीर ने इन्सानियत को शर्मसार कर दिया। जैद के मुताबिक, सड़क पर पड़े पिता को अस्पताल ले जाने के लिए उन्होंने एक राहगीर से मदद मांगी।

एक युवक साथ चलने को तैयार हो गया। उन्होंने उसे अपनी स्कूटी की चाबी थमा दी। उन्होंने पिता को स्कूटी पर बैठाया। उनके साथ पहले थाना न्यू आगरा पहुंचे। वहां पर पिता के दोस्त भी आ गए। वह पुलिस कार्रवाई में लग गए। राहगीर भी खड़ा रहा। बाद में वह पिता को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल लेकर आए। राहगीर की मदद से पिता को चिकित्सक के पास तक ले गए।

इसी बीच साथ आया राहगीर युवक स्कूटी लेकर कहीं चला गया। डीसीपी सिटी से इसकी शिकायत की। आरोपी का चेहरा थाना न्यू आगरा और अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में आ गया है। उन्होंने स्कूटी एक महीने पहले ही खरीदी थी। उस पर नंबर भी नहीं था। फिरोजाबाद तक हो रही तलाश आरोपी परिवार घर पर ताला लगाकर भाग गया है। महिलाएं भी कहीं चली गई हैं।

उनके घर के पीछे ही विवादित प्लॉट है। हालांकि यहां से घर का दरवाजा खुला है। किसी तरह के विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। रुनकता और फिरोजाबाद तक गई। वहां आरोपी परिवार के रिश्तेदार रहते हैं। मगर घटना के बाद से रिश्तेदार भी भाग गए हैं। पुलिस ने पिलाया तोते को पानी आरोपी परिवार के घर में कोई नहीं होने के कारण उनके पालतू बिल्ली और तोते को खाना देने वाला भी नहीं बचा है।

पिंजरे में बंद तोता परिवार के लोगों को देख रहा था। पुलिसकर्मियों की नजर उस पर गई। इस पर उन्होंने तोते को पानी पिलवाया। इसके साथ ही दाना भी डाल दिया।