हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर के सब्जी मंडी के समीप इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से बाइक पर पेट्रोल भरवाकर बाहर निकल रहा युवक निजी बस की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार की गंभीर चोटें लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मपाल (निवासी लोअर अरनियाला) पुत्र भगत राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार धर्मपाल 19 नवंबर को अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए सब्जी मंडी के समीप स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पहुंचा था।
पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह पंप से बाहर निकल रहा था, उसी दौरान ऊना से गगरेट की ओर जा रही निजी शीतल बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार की जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना ऊना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इससे पहले घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में पुलिस की जांच जारी है।