वहीं, घायलों की पहचान अंकुश कुमार पुत्र पवन कुमार और सुनील कुमार पुत्र काकू राम निवासी गांव बग्गी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी टैक्सी चालक मनोज कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी कार से समलेऊ से घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार के आगे चल रही पिकअप राजणी गांव से करीब 250 मीटर आगे तिमली मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

वाहन गिरने की आवाज सुनकर वह और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एक युवक किसी तरह ढलान से सड़क तक पहुंचने में कामयाब रहा, जबकि दूसरे घायल युवक को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला। चालक और एक अन्य युवक को भी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

चारों को उपचार के लिए समलेउ स्थित एनएचपीसी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सक ने चालक और एक अन्य युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि, दो अन्य घायलों को भर्ती कर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया। उपचाराधीन दो घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।