कानपुर में पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड के बाद केडीए ने पूरे शहर में अवैध इमारतों का सर्वे कराने की तैयारी की है। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के पत्र पर पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी शहर में निर्माणाधीन और बन चुकी इमारतों की जांच करेगी। कमेटी के अध्यक्ष केडीए सचिव अभय पांडेय होंगे।
इनके अलावा एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, पुलिस उपायुक्त पूर्वी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी कमेटी में शामिल किया गया है। कमेटी घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बन रही इमारतों की जांच करेगी। निर्माण में मानकों का पालन नहीं मिलने पर नोटिस देकर नियमों का अनुपालन कराया जाएगा। वहीं जिन इमारतों का निर्माण पूरा हो चुका है और उनमें परिवार रह रहे हैं, उनकी सुरक्षा के लिए कार्ययोजना बनाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बिल्डरों की ओर से किए गए अवैध निर्माण पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने बताया कि कमेटी एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी। बता दें शहर में अवैध इमारतों के सर्वे को लेकर अमर उजाला ने पहले ही खबर प्रकाशित की थी। इसमें केडीए की ओर से इस तरह की योजना पर काम किए जाने की जानकारी दी गई थी।