इंफाल: मणिपुर हिंसा के बीच बीजेपी सरकार के दो डिप्टी सीएम के बीच आरोपों का दौर शुरू हो गया है। मणिपुर के डिप्टी सीएम लोसी डिखो ने बुधवार को सरकार की दूसरी उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के पति पर गंभीर आरोप लगाए। लोसी डिखो ने कहा कि नेमचा किपगेन के पति नागा समुदाय की हत्याओं में शामिल हैं। उन्होंने डिप्टी सीएम नेमचा किपगेन से इस्तीफे की मांग की।

लंबे समय तक राष्ट्रपति शासन के बाद फरवरी 2026 में बीजेपी ने युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई। जातीय संतुलन साधने के लिए कुकी समुदाय के नेमचा किपगेन और नागा ट्राइब के लोसी डिखो को डिप्टी सीएम बनाया गया। युमनाम खेमचंद सिंह मैतेई समुदाय से आते हैं। लोसी डिखो नागा पीपुल्स फ्रंट के नेता हैं। उनकी पार्टी ने बीजेपी सरकार को मणिपुर में समर्थन दे रखा है।

नागालैंड में भी नागा पीपुल्स फ्रंट और बीजेपी के बीच गठबंधन है।6 नागा पुरुषों की हत्या का विवाद थमा नहींमणिपुर की नागा, कुकी और मैतेई जनजाति के बीच पिछले दो साल से झगड़े हो रहे हैं। बीते मई-जून में राज्य के कांगपोकपी और सेनापति जिलों में नागाओं और कुकी लोगों के बीच बंधक संकट के दौरान छह नागा पुरुषों की हत्या हुई थी।

इस घटना के बाद कुकी और नागाओं के बीच संघर्ष का नया दौर शुरू हो गया था। नागा नेताओं ने कुकी संगठनों खासकर 'कुकी नेशनल फ्रंट (P) पर हत्या के आरोप लगाए। इस संगठन के चीफ मणिपुर के दूसरी डिप्टी सीएम नेमचा किपगेन के पति थंगबोई किपगेन हैं। इस हत्याकांड की जांच एनआईए कर रही है।डिप्टी सीएम थंगबोई किपगेन के पति पर आरोपबुधवार को उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो ने एक बार फिर थंगबोई किपगेन को नागा हत्याओं के लिए जिम्मेदार बताया।

उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम नेमचा किपगेन के पति नागा समुदाय के लोगों की हत्याओं में शामिल था। नेमचा किपगेन को या तो अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए या हिंसा रोकने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करना चाहिए। लोसी डिखो ने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रतिनिधि राज्य के नागा विधायकों से संपर्क कर रही हैं, ताकि नेमचा किपगेन के खिलाफ कार्रवाई पर सहमति बनाई जा सके।अमित शाह को पत्र लिख चुके हैं 7 नागा विधायकडिप्टी सीएम ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के पति थांगबोई किपगेन का संगठन KNF(P) सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) समझौते का हिस्सा है।

इस समझौते में केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और कुकी सशस्त्र समूह शामिल हैं। अगर डिप्टी सीएम अपना पद नहीं छोड़ना चाहतीं, तो उन्हें तुरंत अपने पति के संगठन से कहना चाहिए कि वे लड़ना और नागाओं की हत्या करना बंद करें। बता दें कि इस विवाद में मणिपुर के सात विधायक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिख चुके हैं, जिसमें कुकी उग्रवादियों को गिरफ्तार करने और सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस समझौते को रद्द करने की मांग की गई है।

डिप्टी सीएम नेमचा किपगेन पहले ही उग्रवादियों के साथ मिलीभगत के आरोपों से इनकार कर चुकी हैं।