इमेज स्रोत, INDRANIL MUKHERJEE/AFP via Getty Images
भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने देश लौटने के लिए नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) के लिए दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन में आवेदन किया है.
इस जानकारी की पुष्टि बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के कई नेताओं ने की है. इस आवेदन की एक कॉपी बीबीसी बांग्ला के पास भी है.
अवामी लीग के नेताओं ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि शेख़ हसीना ने लंदन की लॉ फ़र्म मैट्रिक्स चैंबर्स के ज़रिए यह आवेदन किया है.
सोमवार सुबह समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने भी शेख़ हसीना के आवेदन करने की ख़बर दी.
इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty Images
दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के प्रेस मिनिस्टर सईदुर रहमान ने बीबीसी बांग्ला को बताया, "हमें मैट्रिक्स चैंबर्स नाम की एक संस्था से ईमेल मिला है. उस ईमेल में बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना का पासपोर्ट और एनआईडी देने के लिए आवेदन किया गया है. हमें नहीं पता कि यह आवेदन सही है या नहीं. हालांकि, हमने यह ईमेल विदेश मंत्रालय को भेज दिया है."
पांच अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद से शेख़ हसीना दो साल से ज़्यादा समय से यहां रह रही हैं.
कुछ महीने पहले उन्होंने बांग्लादेश लौटने का एलान किया था. शेख़ हसीना और उनकी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता कह रहे हैं कि वह दिसंबर में देश लौटेंगी.
प्रतिबंधित अवामी लीग के संगठन सचिव एसएम कमाल ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि शेख़ हसीना दिसंबर में देश लौटना चाहती हैं. उन्होंने भी मीडिया के ज़रिए ही यह जाना है कि शेख़ हसीना ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सोमवार सुबह अपनी एक रिपोर्ट में कहा, "दो साल से ज़्यादा समय पहले जनविद्रोह के चलते लंबे समय से चला आ रहा उनका शासन ख़त्म होने के बाद बांग्लादेश लौटने की योजना को अमल में लाने की दिशा में हसीना का यह अब तक का सबसे स्पष्ट क़दम है."
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
पांच अगस्त 2024 को सत्ता छोड़कर दिल्ली आने के बाद, उसी साल अगस्त के अंत में बांग्लादेश की तत्कालीन अंतरिम सरकार ने शेख हसीना का राजनयिक और सामान्य पासपोर्ट रद्द करने का फ़ैसला किया था.
बाद में अवामी लीग के कई बड़े नेताओं के भी पासपोर्ट रद्द कर दिए गए.