पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य की पहली बीजेपी सरकार ने नौ मई को शपथ ली थी. सोमवार को इस सरकार के छह महीने पूरे हो गए.

इन छह महीनों में राज्य में सबसे बड़ा बदलाव शायद संस्कृति के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है.

चुनाव से पहले बीजेपी ने राज्य में उद्योग लगाने, रोज़गार बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा जैसे कई वादे किए थे. इन वादों को पूरा करने के लिए शायद सरकार को अभी पर्याप्त समय नहीं मिला है.

लेकिन पश्चिम बंगाल की कला, शिक्षा, भाषा, त्योहारों और अलग-अलग धर्मों के साथ मिलकर रहने की संस्कृति में बदलाव के संकेत अभी से दिखने लगे हैं.

शिक्षण संस्थानों में वैचारिक दबदबा बनाने की कोशिश के आरोप हों, वामपंथियों के किताबों के स्टॉल पर हमले या दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को यह बताना कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं, इन घटनाओं के बीच मुस्लिम समुदाय को धीरे-धीरे किनारे किए जाने के आरोप भी लग रहे हैं.

राज्य के सांस्कृतिक माहौल में यह बदलाव क्या है, इसके पीछे क्या वजह है और यह किस तरह दिखाई दे रहा है, इसे समझने के लिए हमने कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से बात की.

नौ मई को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. उस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे.

इसके ठीक चार महीने बाद, नौ सितंबर को मुख्यमंत्री हिंदू साधु-संतों के साथ दक्षिण कोलकाता में जादवपुर यूनिवर्सिटी की ओर बढ़े. वहां उन्होंने यूनिवर्सिटी पर वैचारिक और राजनीतिक पकड़ बनाने की बात कही.

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

यूनिवर्सिटी के सामने खड़े होकर शुभेंदु अधिकारी ने कहा था, "जादवपुर में जो लोग 'कश्मीर मांगे आज़ादी' के नारे लगाते हैं या माओवादी नेता किशनजी को 'रेड सैल्यूट' करते हैं, उस गुट को जड़ों से कैसे उखाड़ना है, यह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री जानते हैं."

दुर्गा पूजा के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में जाने पर पता चला कि मुख्यमंत्री के उस भाषण और जुलूस का असर अब भी महसूस किया जा रहा है.

कला विभाग के सामने बैठे कुछ छात्रों का कहना था कि साधु-संत परिसर के बाहर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं और बीजेपी का छात्र संगठन यूनिवर्सिटी का प्रतीक चिह्न तोड़ रहा है, लेकिन सरकार को छात्रों की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है.

कला विभाग के छात्र गौरव बर्मन ने कहा, "अब विरोधी विचारों और आवाज़ों को थोड़ा भी सम्मान नहीं दिया जाता. बीजेपी चाहती है कि सभी लोग उसके बताए रास्ते पर चलें और उसकी पसंद के मुताबिक़ खाना खाएं और कपड़े पहनें."

गौरव के दोस्त निर्भीक ने कहा, "आज़ादी की लड़ाई में शामिल सूर्य सेन, प्रीतिलता वाद्देदार और भगत सिंह को पाठ्यक्रम से हटाकर अब हमें केवल श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बारे में पढ़ाया जा रहा है."