WBBSE Madhyamik Result 2026: पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) आज माध्यमिक वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। पश्चिम बंगाल बोर्ड की 10वीं परीक्षा में शामिल हुए करीब 9.71 लाख छात्र अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। बोर्ड ने इस वर्ष कक्षा 10 की परीक्षाएं 2 फरवरी से 12 फरवरी 2026 के बीच राज्यभर के 2600 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थीं।

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड माध्यमिक परीक्षा के नतीजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए घोषित करेगा। बोर्ड के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 9.30 बजे शुरू होगी, जिसके बाद 10 बजकर 15 मिनट पर रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। बोर्ड ने बताया कि स्कूल 8 मई को सुबह 10:30 बजे से बोर्ड के संबंधित कैंप कार्यालयों से मार्कशीट और प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

ऑनलाइन मार्कशीट में छात्र का नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, विषयवार अंक, ग्रेड, कुल अंक और पास/फेल की स्थिति जैसी जानकारी दी जाएगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि मार्कशीट डाउनलोड करने के बाद सभी विवरण ध्यान से जांच लें।

माध्यमिक परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को कुल 34 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। यानी 800 में से कम से कम 272 अंक लाने होंगे। इसके साथ ही प्रत्येक विषय में अलग-अलग पासिंग मार्क्स भी जरूरी हैं। जो छात्र कुछ विषयों में असफल होंगे, उन्हें बाद में बोर्ड द्वारा आयोजित कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।

पिछले साल माध्यमिक परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 86.56% रहा था और रिजल्ट 2 मई को जारी किया गया था। वहीं 2024 में कुल पास प्रतिशत 83.61% दर्ज किया गया था।