Varanasi Crime: प्रेमिका की हत्या कर शव को दादरा नगर हवेली में सूटकेस में बंद कर भागे प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह को एसटीएफ वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने सोमवार को मंडुवाडीह स्थित चांदपुर औद्योगिक आस्थान से गिरफ्तार किया। वह फैक्टरी में नाम बदलकर मजदूरी कर रहा था। दादर और नगर हवेली के सिलवासा में पत्नी छोटी उपाध्याय का शव दो महीने बाद तीन अगस्त को कमरे से सूटकेस में बरामद हुआ था।

छोटी अपने पहले पति को छोड़कर प्रेमी ऋषभ के साथ भागी थी और उससे दादर नगर हवेली में शादी की थी। ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा पुलिस दादरा और नगर हवेली ले गई। एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार के नवादा स्थित रोह थाना क्षेत्र के सिउर का निवासी है।

तीन अगस्त को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र में एक मकान से सूटकेस के अंदर महिला का शव मिला था। शव करीब दो महीने पुराना था और प्लास्टिक से ढका हुआ था। मकान मालिक के कमरा खोलने पर दुर्गंध आने के बाद घटना का पता चला। शव की पहचान छोटी उपाध्याय (20) निवासी नवादा, बिहार के रूप में हुई थी। हत्या के बाद से ऋषभ कुमार सिंह सिलवासा से भागकर वाराणसी में छिपा हुआ था।

वह यहां नाम बदलकर मजदूरी कर रहा था।