पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा गठजोड़ ने 11 संकल्प जारी कर दिए हैं। जिसे शुक्रवार को चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुखदेव ढींढसा और पंजाब भाजपा प्रधान अश्विनी शर्मा ने जारी किया। इस दौरान उन्होंने किसानों का कर्जा माफ करने, हर गांव और वार्ड में क्लीनिक, लड़कियों को एक हजार रुपए महीना वजीफा और पुलिस की नौकरी में 33% कोटा देने समेत कई बड़ी घोषणाएं की। पंजाब में भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर 117 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
नशा खत्म करने के लिए हर जिले में टास्क फोर्स और फास्ट ट्रैक कोर्ट।
शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के प्रधान सुखदेव ढींढसा ने कहा कि पंजाब में आज माफिया राज है। कहीं शराब तो कहीं रेत माफिया पैदा हो गया है। इस माफिया ने पंजाब को खा लिया है। इसको खत्म करने के लिए कानून बने हैं लेकिन इन्हें सरकार बनने पर सख्ती से लागू करेंगे।
सेहत सहूलियतों के लिए हर गांव और वार्ड में मुफ्त सेहत सेवाओं के लिए आरोग्य केंद्र या क्लीनिक बनाया जाएगा। हर लोकसभा क्षेत्र में एक मेडिकल और एक नर्सिंग कॉलेज बनाया जाएगा। हर सूचीबद्ध अस्पताल में कैंसर का इलाज होगा। सरकारी अस्पतालों और सेहत केंद्रों में डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पदों को जल्द भरा जाएगा।
किसानों का खेती कर्जा माफ होगा। 5 एकड़ से कम जमीन वालों का सारा खर्चा माफ होगा। केंद्र सरकार की तरफ से MSP का विस्तार किया जाएगा। फल, सब्जी, दाल और तेल बीजों के उत्पादन के लिए MSP यकीनी बनाया जाएगा।
भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा ने की यह घोषणाएं
कैप्टन बोले- माहौल ठीक होगा, तभी आएगी इन्वेस्टमेंट
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब का 600 किमी बॉर्डर पाकिस्तान से सटा हुआ है। पाकिस्तान पंजाब में पता नहीं क्या गड़बड़ करना चाहता है जो यहां ड्रोन के जरिए हथियार, बम और नशा भेजा जा रहा है। हम सब मिलकर आतंकवाद से लड़ेंगे और भाईचारे को कायम रखेंगे। पंजाब जब तक एकजुट नहीं होगा, तब तक इकॉनमी मजबूत नहीं हो सकती। इन्वेस्टमेंट तभी आएगी, जब पंजाब में माहौल ठीक होगा।