कोलकाता/गंगटोक: सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। शनिवार रात 8:44 बजे कलिम्पोंग में भूकंप के झटके महसूस हुए। दार्जिलिंग में भी धरती कांप उठी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि शनिवार रात 8:46 बजे सिक्किम के मंगन में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

भूकंप का केंद्र (epicenter) धरती की सतह से 14 किलोमीटर नीचे स्थित था। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई।भूकंप का केंद्र कहां?नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की वेबसाइट से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सिक्किम में जिस स्थान पर भूकंप आया, वह इन जगहों पर स्थित है। सिक्किम के लाचुंग से 22 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है जबकि सिक्किम के रावांगला से 34 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है।

वहीं पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से 65 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व में है। इसके अलावा भूटान के थिम्पू से 104 किलोमीटर पश्चिम में और मेघालय के तुरा से 278 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थिति है।शुक्रवार को सिक्किम में दो बार आया था भूकंपनेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के आंकड़ों के मुताबिक, 20 मार्च को भी सिक्किम में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

शुक्रवार को सुबह करीब 4:30 बजे सिक्किम के मंगन में भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.6 थी। उसी दिन सुबह 4:30 बजे के कुछ ही देर बाद गंगटोक में भी भूकंप आया था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.7 थी। इसके अलावा 19 मार्च की रात को भी गंगटोक में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.2 दर्ज की गई थी।यहां भी भूकंपNCS के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को भारत के एक अन्य हिस्से में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

इस दिन दोपहर करीब 12:00 बजे असम के कोकराझार में भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 5 किलोमीटर नीचे स्थित था। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 2.9 थी। इसके अलावा शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे नेपाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।