Sikkim: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने छात्रों की पढ़ाई में मदद के लिए CM-SAATHI पहल शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मुफ्त और बेहतर कोचिंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
इस कार्यक्रम के तहत छात्रों को विशेषज्ञों के वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, मॉक टेस्ट, अभ्यास प्रश्न और शंकाओं के समाधान जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा, तकनीक आधारित सीखने के आधुनिक साधनों का भी लाभ दिया जाएगा, जिससे छात्र घर बैठे बेहतर तैयारी कर सकेंगे। CM-SAATHI से 2,000 से अधिक छात्रों को मिलेगा लाभ मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि CM-SAATHI पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक स्थिति किसी भी छात्र की पढ़ाई और करियर में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए JEE और NEET की तैयारी करने वाले छात्रों को मुफ्त और उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि हर छात्र को समान अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना का लाभ सिक्किम के 40 से अधिक सरकारी और निजी स्कूलों के करीब 2,000 छात्रों को मिलेगा। इसके अलावा, IIT कानपुर के सहयोग से विज्ञान और गणित के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण और सहायता दी जाएगी, जिससे स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।