खास खबर.पार्षदों के दबाव में नगर निगम नए साल से पहले बना रहा टूर प्रोग्राम, पार्षदों को दिए तीन से चार शहरों के विकल्पकई पार्षदों ने दौरे से किया किनारा, बोले-काम के लिए पैसा दे निगमअमर उजाला ब्यूरोशिमला। खजाना खाली होने के कारण राजधानी में नए कार्यों पर ब्रेक लगाने वाला नगर निगम अब पार्षदों को सैर सपाटे पर भेजने जा रहा है।
पार्षदों के दबाव में निगम प्रशासन पुडुचेरी, केरल और रामेश्वरम जैसे शहरों में एक्सपोजर विजिट की योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए सभी पार्षदों से किसी एक शहर पर सहमति देने के लिए कहा है। नए साल से पहले होने वाला यह दौरा करीब एक हफ्ते का हो सकता है। पिछले एक हफ्ते से कई पार्षद टाउनहॉल से लेकर नगर निगम आयुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
यह सभी निगम प्रशासन पर टूर के लिए दबाव डाल रहे थे। इनका कहना है कि इस साल नगर निगम ने किसी भी योजना के तहत पार्षदों का एक्सपोजर विजिट नहीं करवाया है। निगम प्रशासन का कहना है कि बजट की कमी के चलते फिलहाल एक्सपोजर विजिट के लिए इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि बाद में पार्षदों से किसी एक शहर में जाने के लिए सहमति देने को कहा गया।
ज्यादातर पार्षदों ने पहले लक्षद्वीप जाने का दबाव डाला लेकिन निगम प्रशासन ने यह कहकर इसे टाल दिया कि अभी एयर टिकट काफी महंगे हैं। इससे निगम के खजाने पर काफी बोझ पड़ेगा। यदि लक्षद्वीप ही जाना है तो फरवरी मार्च तक का इंतजार करना होगा ताकि टिकट के दाम कम होने पर दौरे का खर्च कम हो सके। अब पार्षद केरल, रामेश्वरम, पुडुचेरी जाने के लिए दौरा प्लान कर रहे हैं।
पार्षदों ने इस टूर की अवधि भी बढ़ाने की मांग की है।कई पार्षदों का दौरे से किनारापार्षदों के इस दौरे पर सियासत भी शुरू हो गई है। कई पार्षदों ने फिलहाल इस दौरे पर न जाने का फैसला लिया है। भाजपा पार्षद सरोज ठाकुर ने निगम आयुक्त को दौरे पर न जाने को लेकर सूचना दे दी है। पार्षद का कहना है कि इस दौरे पर लाखों रुपये खर्च होंगे।
इससे अच्छा है कि नगर निगम शहर में जनता के काम करवाए। कहा कि पिछले कई महीने से उनके वार्ड में नए कामों की फाइलें नगर निगम में अटकी पड़ी हैं। वहीं कुछ और पार्षद भी दौरे का पैसा अपने वार्ड में नए कामों के लिए देने की मांग कर सकते हैं। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि पार्षदों को एक्सपोजर विजिट करवाना भी जरूरी है।
इससे कार्य कुशलता बढ़ती है। बजट में एक्सपोजर विजिट के लिए पैसों का प्रावधान किया जाता रहा है।निगम पर है 20 करोड़ से ज्यादा की देनदारीखजाना खाली होने के कारण नगर निगम ने शहर में ज्यादातर नए कामों पर ब्रेक लगा रखी है। निगम कार्यालय में पार्षदों की 150 से ज्यादा कामों की फाइलें लंबित पड़ी हैं। इनके लिए बजट नहीं है।
इसके अलावा निगम पर करीब 20 करोड़ से ज्यादा की देनदारी है। यह पैसा ठेकेदारों का है जो काम पूरा करने के बाद अब बिल के लिए निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। करीब छह महीने से ठेकेदारों की बिल से जुड़ी फाइलें निगम की लेखा शाखा में लंबित हैं।