राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबाले ने बुधवार को दावा किया कि कुछ आंतरिक और बाहरी 'अराजक शक्तियां' साजिश के तहत देश के युवाओं को भड़का रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन केवल चुनावों के जरिए होना चाहिए, न कि हिंसा या अशांति के माध्यम से। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूचियों की 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) प्रक्रिया को भी उचित ठहराते हुए चुनाव आयोग का बचाव किया और कहा कि गलतियां मुक्त मतदाता सूचियां सुनिश्चित करने के लिए SIR जरूरी है।इस दौरान पुनरीक्षण प्रक्रिया का बचाव करते हुए होसबाले ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंडा के मुताबिक काम कर सकते हैं, लेकिन उन्हें किसी मुद्दे पर केवल विरोध के नाम पर विरोध करने के बजाय देखना चाहिए कि उस मुद्दे में कुछ सच्चाई है भी या नहीं।'लोकतंत्र में चुनावों से होता है रिजीम चेंज'होसबाले ने ये बातें इंदौर में संघ के मुख्य संगठनात्मक इकाई 'अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल' की वार्षिक बैठक खत्म होने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए कहीं।

इस दौरान 'रिजीम चेंज' से जुड़ा सवाल पूछा जाने पर उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन (रिजीम चेंज) चुनावों के जरिए होता है, लेकिन सत्ता परिवर्तन के मकसद की आड़ में अशांति व हिंसा फैलाना या भेदभाव उत्पन्न करना समाज के हित में नहीं है।'आंतरिक व बाहरी अराजक शक्तियां भड़काने में लगीं'पिछले दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए 'जेन-जी' आंदोलन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि देश के अंदर और बाहर की कुछ 'अराजक शक्तियां' युवाओं को साजिश के तहत भड़काने की कोशिश कर रही हैं।

लेकिन युवाओं के मन में जो आकांक्षाएं और बातें हैं, उनके बारे में किसी भी समाज और शासन को ध्यान देना चाहिए। संघ युवाओं के साथ संवाद किए जाने का आग्रह करता है।''राजनीतिक दल केवल विरोध के लिए विरोध ना करें'इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को सही ठहराते हुए कहा कि इस प्रक्रिया का मकसद वोटर लिस्ट को त्रुटिहीन बनाना है।

उन्होंने SIR के सियासी विरोध पर हैरानी जताई और कहा कि राजनीतिक दलों को किसी मुद्दे पर केवल विरोध के लिए विरोध करने के बजाय उसकी सच्चाई पर ध्यान देना चाहिए।'विदेशियों का नाम मतदाता सूची में होना हर तरह से गलत'RSS नेता ने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूचियों में दर्ज होना आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से गलत है।

उन्होंने कहा कि SIR का मकसद मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण करना होता है। होसबाले ने कहा कि देश में जिन लोगों के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं, उनमें से कई लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि कई मतदाताओं के नाम दो जगहों पर दर्ज हैं।'इस पर राजनीति होना समझ से परे बात'संघ के वरिष्ठ नेता ने कहा कि SIR के तहत मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने की प्रक्रिया देश में नियमित तौर पर होती आई है और यह बात उनकी समझ से परे है कि इस पर राजनीति क्यों होनी चाहिए।होसबाले ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंडा के मुताबिक काम कर सकते हैं, लेकिन उन्हें किसी मुद्दे पर केवल विरोध के नाम पर विरोध करने के बजाय देखना चाहिए कि उस मुद्दे में कुछ सच्चाई है भी या नहीं।