1 Aney Marg Patna Story: बिहार में सरकारी बंगले बदलने और छिनने पर सियासत पहले भी हुई है और आज भी चल रही है, लेकिन जनादेश की ताकत पर दो दशक से इन सबसे बेफिक्र नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के आधिकारिक सरकारी आवास 1, अणे मार्ग में टिके हुए हैं। जीतनराम मांझी के कुछ महीने छोड़ दें तो लगभग 19 साल से 1 अणे मार्ग पर बना सीएम हाउस नीतीश का ठिकाना है, चाहे सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की रहे या महागठबंधन की।
एक समय तो ऐसा भी आया जब नीतीश सरकार में सिर्फ जेडीयू के मंत्री थे। हर सड़क का नाम किसी की याद में रखा जाता है। पटना का अणे मार्ग मराठा स्वतंत्रता सेनानी और आजादी के बाद राज्य के दूसरे राज्यपाल रहे माधव श्रीहरि अणे के नाम पर है।कौन हैं माधव श्रीहरि अणेमहाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में यवतमाल के रहने वाले माधव श्रीहरि अणे स्वतंत्रता संग्राम के अहम नेता रहे हैं।
बाल गंगाधर तिलक के नेतृत्व में होम रूल लीग से आजादी की लड़ाई में कूदे माधव श्रीहरि अणे लंबे समय तक कांग्रेस में रहे। बीच में कांग्रेस से अलग होकर मदन मोहन मालवीय के साथ मिलकर कांग्रेस नेशनलिस्ट पार्टी भी बनाई। 1934 में केंद्रीय विधानसभा (मौजूदा लोकसभा के समकक्ष) के चुनाव में अणे की नई पार्टी 12 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही थी।
148 सीटों के सदन में कांग्रेस 42 सीट जीती थी।माधव श्रीहरि अणे को 1941 में वायसराय परिषद का सदस्य बनाया गया और प्रवासी भारतीयों का विभाग देखने को मिला। 1943 से 1947 तक अणे श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त बनकर रहे। फिर वो संविधान सभा के सदस्य बने। आजादी के बाद बिहार के पहले राज्यपाल बने जयरामदास दौलतराम की जगह पर 5 महीने बाद ही 12 जनवरी 1948 को माधव श्रीहरि अणे को गवर्नर पद देकर पटना भेजा गया।
इस पद पर अणे 14 जून 1952 तक रहे। बीमारी की वजह से परिवार के लोग उन्हें वापस महाराष्ट्र ले गए। बाद में वो नागपुर से दो बार लोकसभा के सांसद भी बने। अणे ने ही पहली बार राज्य पुनर्गठन आयोग को अलग विदर्भ राज्य के गठन का प्रस्ताव दिया था।