देश में कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राजभवनों में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया। नौ राज्यों राज्यपाल और उपराज्यपाल की नियुक्ति की गई। इसमें सबसे अधिक जिस नाम की चर्चा बिहार में हो रही है, वह है नंद किशोर यादव। उन्हें नगालैंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया तो सोशल मीडिया से राजनीतिक गलियारे तक उनके नाम की चर्चा होने लगी।
भारतीय जनता पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक नंद किशोर यादव पार्षद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, मंत्री, नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके बारे में जानेंगे लेकिन आइये उससे पहले जानते हैं 'अमर उजाला' से खास इंटरव्यू में उन्होंने क्या कहा? 'मैं आज भी संगठन का कार्यकर्ता हूं' अमर उजाला से खास बातचीत में नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर ने कहा कि मैं आज भी संगठन का कार्यकर्ता हूं।
अपनी जिम्मेदारियों का जीवन भर निर्वाह करता रहूंगा। अब आभार व्यक्त करता हूं भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का। उन्होंने जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उसका निर्वहन करूंगा। खासकर नगालैंड की जनता की सेवा करूंगा। नगालैंड की जिम्मेदारी कितनी चुनौतीपूर्ण है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनौती तो हर काम है।
चुनौती को अवसर में कैसे बदला जाता है? यह मैंने पीएम नरेंद्र मोदी से सीखा है। मेरे लिए यह बड़ा अवसर है। संवैधानिक दायरे में रहकर नगालैंड का विकास करना मेरी प्राथमिकता होगी। 1974 में जेपी आंदोलन में कूद पड़े बिहार राजनीति में मजबूत जनाधार रखने वाले नंद किशोर यादव का जन्म पटना सिटी इलाके में 26 अगस्त 1953 को जमींदार परिवार में हुआ था।
1969 में वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े। इसके बाद 1970 में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से जुड़े। उस वक्त उन्होंने जनसंघ के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ रहकर भारतीय राजनीति का ककहरा सीखा। 1974 में जेपी आंदोलन में कूद पड़े। इस दौरान स्नातक की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। इसके बाद राजनीति में पूरी तरह सक्रिय हो गए।
1978 में वह पटना नगर निगम के पार्षद बने। बेहतरीन काम और मिलनसार व्यवहार के कारण चार साल बाद ही उन्हें उप महापौर बना दिया गया है।