पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की गूंज शहर की गलियों में साफ सुनाई दी। सोमवार को कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिष्ठान वितरण कर अपनी खुशी का इजहार किया। झालमुड़ी का खास तौर से वितरण किया गया। जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इं. राजीव शर्मा और पूर्व महापौर आशुतोष वाष्र्णेय, शकुंतला भारती सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।

क्यामपुर स्थित भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष इं. राजीव शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत ममता बनर्जी के जंगलराज और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता का करारा जवाब है। कोल विधायक अनिल पाराशर ने भी विचार रखे। पूर्व महापौर शकुंतला भारती के नेतृत्व में देहली गेट पर ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया।

कार्यकर्ताओं ने बंगाल की संस्कृति को याद करते हुए झालमुड़ी व लड्डू बांटे। सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल ने विवेक बगाई की अध्यक्षता में आतिशबाजी कर विजय उत्सव मनाया। तालानगरी में पूर्व उपाध्यक्ष पवन खंडेलवाल ने औद्योगिक मजदूरों के बीच 11 किलो लड्डू बांटे। शाही चीफ मुफ्ती चौधरी इफराहीम हुसैन ने इसे इंसाफ की जीत बताते हुए कहा कि अवैध घुसपैठियों के बाहर होने से मूल निवासियों को उनके अधिकार मिले हैं।

भाजपा नेता रूबी आसिफ खान ने भी अपने कैंप कार्यालय पर मिठाई बांटकर खुशी जताई। सांसद सतीश गौतम की रणनीति का दिखा असर जिलाध्यक्ष चौ. कृष्णपाल सिंह लाला प्रधान ने बताया कि अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम को बंगाल में 35 सीटों का प्रभारी बनाया गया था, जहां पार्टी का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। उन्होंने इसे टीएमसी के कथित गुंडाराज का अंत करार दिया।

मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, ठा. शल्यराज सिंह, निवर्तमान कोषाध्यक्ष पवन खंडेलवाल, डॉ. निशित शर्मा, ऋषि वर्मा और कृष्णा गुप्ता आदि मौजूद थे।