पणजी: दक्षिण गोवा जिले के श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्थम मठ में गुरुवार को इतिहास रचने वाला कार्यक्रम होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां भगवान राम की 77 फीट ऊंची विशाल कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा दुनिया में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा मानी जा रही है। मठ के प्रतिनिधि और केंद्रीय समिति के अध्यक्ष श्रीनिवास देमपो ने इसकी जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार दोपहर 3:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को ध्यान में रखते हुए मठ परिसर में विशेष हेलिपैड का निर्माण किया गया है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार ने बनाई मूर्तिगोवा के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि भगवान राम की यह 77 फीट ऊंची प्रतिमा प्रसिद्ध शिल्पकार राम सुतार ने बनाई है, जिन्होंने गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का डिजाइन भी किया था।

कामत के अनुसार, यह प्रतिमा न केवल गोवा का गौरव बढ़ाएगी, बल्कि विश्व स्तर पर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित करेगी। देमपो ने बताया कि प्रतिमा का अनावरण स्वयं प्रधानमंत्री के हाथों होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी प्रतिमा के अनावरण के बाद मठ परिसर में स्थित मंदिर में दर्शन करेंगे और इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस अवसर पर गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रिपद नाइक, और राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।550 साल की मठ परंपरा का उत्सवमठ की 550 वर्षीय परंपरा को चिह्नित करने के लिए 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

देमपो के अनुसार, प्रतिदिन करीब 7,000 से 10,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मठ परिसर का निर्माण 370 वर्ष पहले कणकोण (दक्षिण गोवा) के पार्टगल गांव में किया गया था। मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि इस प्राचीन मठ को आधुनिक स्वरूप देने के लिए परिसर का पूर्ण रूप से नवीनीकरण किया गया है, ताकि यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहे।