ईटानागर: अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। पापिक्रोंग सरकारी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में आग लगने से 10 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों के अनुसार हादसा रात 1 से 2 बजे के बीच हुआ और आग ने पूरे छात्रावास को राख में बदल दिया।

घायल छात्रों की पहचान लुखी पुजेन (8), तनु पुजेन (9) और तायी पुजेन (11) के रूप में हुई है। सभी को पास के वेस्ट सियांग ज़िले के आलो स्थित जोनल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृत छात्र की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।राहत और बचाव कार्यपुलिस और बचाव दल ने मोनिगोंग कस्बे से 17 किलोमीटर दूर स्थित पापिक्रोंग गांव में पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।

गांव भारत-चीन सीमा से सटे तदादेगे के अंतिम भारतीय सेना चौकी से पहले स्थित है, जिसके कारण यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील माना जाता है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री और स्थानीय विधायक पासंग दोरजे सोना ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया।

उन्होंने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर इसे शॉर्ट सर्किट से हुई दुर्घटना बताया।जांच के आदेश दिएसोना ने कहा कि मैंने ज़िला प्रशासन और विद्यालय प्रशासन को गहन जांच के निर्देश दिए हैं। प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार सभी आवश्यक राहत और मदद उपलब्ध कराएगी ताकि पीड़ितों और उनके परिवारों को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।

मंत्री ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर भी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा इस हृदयविदारक घटना से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। इस अग्निकांड में एक छात्र की असमय मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं और मैं घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।