पटना: 2004 लोकसभा का चुनाव का रिजल्ट 13 मई को निकला था। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाला एनडीए चुनाव हार गया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूपीए सत्ता संभालने के लिए तैयार हो रहा था। अटल बिहारी वाजपेयी ने केयर टेकर प्रधानमंत्री के रूप में 22 मई तक काम किया। 22 मई को जब मनमोहन सिंह ने 67 मंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तो अटल बिहारी वाजपेयी पूर्व प्रधानमंत्री हो गये।बिहार के 3 नेता और रेल मंत्री पद का अजब संयोगइस समय बिहार की राजनीति दिल्ली के एक कठिन तिराहे पर खड़ी थी।

नीतीश कुमार की रेल मंत्रालय से विदा हो रहे थे। लालू यादव रेल मंत्री बनने वाले थे। रेल मंत्रालय नहीं मिलने से नाराज रामविलास पासवान सरकार में शामिल होने से इंकार कर, घर बैठ गये थे। उनके समर्थकों ने कहा, रेल नहीं तो शपथ नहीं। यूपीए सरकार के निष्कंटक गठन की जिम्मेदारी खुद सोनिया गांधी ने उठा रखी थी। फिर सोनिया गांधी ने लालू यादव और रामविलास पासवान के बीच टकराव को कैसे 'मैनेज' किया?रेल मंत्री बनते ही लालू ने अपने पूर्ववर्ती नीतीश की तारीफ की2004 में लालू यादव कैसे रेल मंत्री बने, इस कहानी में कई मोड़ हैं।

लेकिन, सबसे पहले जानते हैं कि रेल मंत्री का पद संभालने के बाद लालू यादव ने अपने पूर्ववर्ती सहयोगी नीतीश कुमार के लिए क्या कहा था। नीतीश कुमार ने तकनीकी रूप से 22 मई तक रेल मंत्री के रूप में काम किया था। लालू यादव ने 24 मई को रेल मंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। पद संभालने के बाद लालू यादव ने जो पहला बयान दिया वो नीतीश कुमार की तारीफ में था।

उन्होंने कहा था, रेल मंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने निश्चित रूप से राज्य के लिए कुछ योगदान दिया है। उनके काम को आगे बढ़ाया जाएगा। लालू यादव ने जब ये बयान दिया तब नीतीश कुमार केवल सांसद रह गये थे।बिहार के नेता क्यों रेल मंत्री बनने पर जोर देते हैं?बिहार के सांसद आखिर रेल मंत्री पद के लिए क्यों आतुर रहते हैं?

इसके जवाब में में एक नेता ने उस समय कहा था, जिस रेल मंत्रालय में लगभग साढ़े बारह लाख कर्मचारी हों और जिसका करीब 13 हजार करोड़ का बजट (2003-04) हो वैसे मंत्रालय का मंत्री भला कौन नहीं बनना चाहेगा। एक पूर्व रेल अधिकारी के मुताबिक, रेल मंत्री कहीं भी जाएं उनका स्वागत किसी राजा की तरह होता है। उनके पास लोगों को प्रभावित करने वाले कई अधिकार होते हैं।

फंड सैंक्शन करने का जो पावर रेल मंत्री के पास है, वो किसी और मंत्री के पास नहीं।रेल मंत्री और अन्य मंत्रियों के स्वागत में कितना अंतर है?एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक जब नीतीश कुमार केन्द्र में कृषि मंत्री थे, तब वे रेल राज्य मंत्री दिग्विजय सिंह (बिहार) के साथ जम्मू-कश्मीर गये थे। दोनों बिहार से ही थे और एक ही दल (जदयू) के सदस्य थे।

बांका के सांसद दिग्विजय सिंह अक्टूबर 1999 से लेकर जुलाई 2001 तक रेल राज्यमंत्री थे। नीतीश कुमार और दिग्विजय सिंह जम्मू पहुंचे। वहां पहुंचने पर नीतीश कुमार ने जो देखा वह बात उन्हें अखर गयी। नीतीश कुमार को रिसीव करने के लिए तहसीलदार समकक्ष एक कनीय अधिकारी खटारा एम्बेसडर कार लेकर पहुंचा था, जबकि दिग्विजय सिंह को रिसीव करने के लिए कई बड़े रेल अधिकारी एक शानदार कार के साथ वहां खड़े थे।लालू यादव के पास 24 सांसदों की ताकतफिर नीतीश कुमार 20 मार्च 2001 से 22 मई 2004 तक रेल मंत्री रहे।

इसके बाद लालू यादव रेल मंत्री बने। लेकिन 2004 में रेल मंत्रालय लालू यादव की पहली पसंद नहीं थी। वे गृहमंत्री बनने के लिए अड़े हुए थे। 24 सांसदों के साथ लालू यादव बहुत मजबूत स्थिति में थे। इनमें 22 बिहार से और दो झारखंड से जीते थे। कांग्रेस मिली जुली सरकार के लिए अपने सहयोगी दलों को साध रही थी। इसकी कमान सोनिया गांधी ने खुद संभाल रखी थी।पहले लालू यादव ने गृह मंत्रालय की मांग की थीलेकिन, जब लालू यादव ने गृह मंत्रालय की मांग कर दी तो कांग्रेस मुश्किल में फंस गयी।

कांग्रेस किसी सहयोगी दल को गृह मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग नहीं देना चाहती थी। कांग्रेस ने लालू यादव की यह मांग ठुकरा दी। खबरों के मुताबिक तब लालू यादव ने रक्षा मंत्रालय की मांग कर दी। लेकिन कांग्रेस ने इस संवेदनशील मंत्रालय को भी देने से इंकार कर दिया। तब नाराज लालू यादव ने घोषणा कर दी कि वे मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे और सरकार को बाहर से समर्थन देंगे।सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और हरकिशन सिंह सुरजीत ने मनाया24 सांसदों वाले लालू यादव को कांग्रेस नाराज नहीं कर सकती थी।

तब सोनिया गांधी ने खुद पहल की। प्रधानमंत्री पद ठुकराने के कारण सोनिया गांधी यूपीए की सबसे सम्मानित नेता बन चुकीं थीं। लालू यादव खुद सोनिया गांधी की बहुत इज्जत करते थे। सोनिया गांधी ने इस मामले में सीपीएम महासचिव हरकिशन सिंह सुरजीत से बात की। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और हरकिशन सिंह सुरजीत ने लालू यादव को मनाने की कोशिश की।

इसके बाद 18 मई 2004 को सोनिया गांधी खुद लालू यादव के आवास पर गयीं। दोनों में बातचीत हुई। आखिरकार, लालू यादव रेल मंत्री बनने के लिए राजी हो गये। उन्होंने सोनिया गांधी को अपने 24 सांसदों के समर्थन वाला पत्र सौंप दिया।रेल मंत्रालय नहीं मिलने पर नाराज हो गये थे राम विलास पासवानइसके बाद मीडिया में खबर चलने लगीं कि लालू यादव रेल मंत्री बनने वाले हैं।

इस खबर पर रामविलास पासवान बेहद नाराज हो गये। चुनाव परिणाम आने के बाद रामविलास पासवान रेल मंत्री पद के लिए स्वाभाविक पसंद माने जा रहे थे। उस समय लालू यादव के रेल मंत्री बनने की कोई चर्चा नहीं थी। इसलिए रामविलास पासवान भी रेल मंत्रालय पक्का मान कर चल रहे थे। लेकिन, सोनिया गांधी के लालू यादव के साथ निगोसिएशन से स्थिति अचानक बदल गयी।

सोनिया गांधी 10 जनपथ में रहती थीं और रामविलास पासवान उनके बगल में ही रहते थे। नाराज रामविलास पासवान सोनिया गांधी के घर पहुंचे। उन्होंने रेल मंत्रालय पर अपना दावा पेश किया। सोनिया गांधी ने अपनी मजबूरी बता दी। तब उन्होंने मंत्रिमंडल में शामिल होने से इंकार कर दिया। रामविलास पासवान की पार्टी के 4 सांसद जीते थे।नारा गूंजा- रेल नहीं तो शपथ नहीं!

होश में आओ सोनिया गांधी!राम विलास पासवान नाराजगी में ही घर लौटे। उनके आवास के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी। जैसे ही उन्हें पता चला कि उनके नेता को रेल मंत्रालय नहीं मिल रहा है, वे रोष में आ गये। जनपथ जैसे अति महत्वपूर्ण मार्ग को जाम कर दिया और नारा लगाने लगे, रेल नहीं तो शपथ नहीं ! सोनिया गांधी होश में आओ, दलितों की अनदेखी नहीं चलेगी!

इसके बाद कांग्रेस खेमे में हड़कंप मच गया। सोनिया गांधी के घर से सब नजारा दिख रहा था। तब सोनिया गांधी ने अपने अतिविश्वासपात्र अहमद पटेल को जिम्मेदारी सौंपी कि वे किसी तरह राम विलास पासवान को मनाएं। अहमद पटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह से सम्पर्क किया।सोनिया गांधी ने ऐसे मनाया रामविलास पासवान कोरामविलास पासवान, वीपी सिंह की बहुत इज्जत करते थे।

वीपी सिंह और अहमद पटेल रामविलास पासवान के घर पहुंचे। आखिरकार उन्हें मना लिया गया। उन्हें मनाने के लिए एक नहीं बल्कि दो मंत्रालय देने पड़े। उन्हें रसायन और उर्वरक के साथ-साथ इस्पात मंत्रालय भी देना पड़ा। इस तरह सोनिया गांधी 2004 में यूपीए का संकटमोचक बन कर उभरी थीं। उन्होंने बिहार के दो बड़े नेताओं के आपसी टकराव को टाल कर नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त कर दिया था।