भुवनेश्वर : ओडिशा के राउरकेला में पुलिस के सामने सरेंडर करने वाली 19 साल की महिला नक्सली ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला नक्सली ने बताया कि वह एक नक्सली नेता से संपर्क में आने के बाद माओवादी गतिविधियों में शामिल हुई थी। नक्सलियों के सिस्टम में आने के बाद से मानसिक और शारीरिक तौर पर शोषण का सामना करना पड़ा।
इससे उसका नक्सल आंदोलन से मोहभंग हुआ। ओडिशा पुलिस के मुताबिक, सरेंडर करने वाली युवती जनवरी महीने तक नक्सली हमलों में शामिल रही। जब उसे सरकार के पुनर्वास नीति का पता चला तो उसने विश्वस्त सूत्रों के जरिये सरेंडर के लिए संपर्क किया था। नक्सली अनमोल के संपर्क में आकर बनी माओवादी राउरकेला में ओडिशा पुलिस के सामने समर्पण करने वाली 19 साल की महिला माओवादी मोगदी होनहागा मूल तौर से झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम की रहने वाली है।
होनहागा नक्सलियों के ऑपरेशन्स में अहम भूमिका निभाती थी। पश्चिमी सिंहभूम के मारंग पांगा गांव की रहने वाली मोगदी होनहागा कुख्यात माओवादी नेता अनमोल उर्फ सुशांत के संपर्क में आई। जिसके बाद वह नक्सल मूवमेंट में शामिल हो गई। उसे सारंडा इलाके में सक्रिय किया गया, जहां होलुंघुली गांव में भर्ती अभियान चलाती थी।
नए रंगरूटों को ट्रेनिंग देना भी उसकी जिम्मेदारी थी। शोषण के कारण हुआ मोगदी का संगठन से मोहभंग डीआईजी बृजेश राय के मुताबिक, मोगदी होनहागा इस साल 21 जनवरी को कुमडीह जंगल में हुई मुठभेड़ में शामिल थी। इस दौरान वह दूसरे नक्सलियों के साथ मौके से भाग निकलने में कामयाब रही। फिर अलग-अलग इलाकों में छिपकर जान बचाती रही।
उसने अनमोल की मदद से सुंदरगढ़ जिले के बांको में एक पत्थर की खदान में हुए विस्फोटक लूट की घटना को भी अंजाम दिया था। सरेंडर करने के बाद होनाहागा ने नक्सलियों के सच्चाइयों के बारे में बताया। गुरिल्ला माओवादी अक्सर शादी नहीं करते हैं, मगर महिला सदस्यों को शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ता है। मोगदी भी इस हालात से गुजरी तो उसका मोहभंग हुआ।
उसने संगठन छोड़ने का फैसला किया, मगर उसके पास इसके लिए रास्ता नहीं था। डीआईजी बोले, मिलेगा सभी योजनाओं का लाभ डीआईजी बृजेश कुमार राय ने बताया कि उसे ओडिशा सरकार की सरेंडर नीति के बारे में पता चला तो उसने गोपनीय माध्यमों से राउरकेला पुलिस से संपर्क किया। अब राज्य सरकार की सरेंडर नीति के तहत मिलने वाले सभी लाभ और मानवीय सहायता उसे दी जाएगी।
सरकार उन माओवादियों की मदद करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है जो मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं।