अहमदाबाद: दो मंजिला मकान ढहने से एक महिला की मौत, तीन अन्य घायल अहमदाबाद में रविवार को एक पुराना दो मंजिला मकान ढहने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर के समय खाड़िया इलाके की एक संकरी गली में हुई। मकान ढहने के बाद चार लोग मलबे में फंस गए थे।
उन्होंने बताया कि पीड़ितों की पहचान जानवी राणा (27), पार्थ राणा (23), आशाबेन (42) और सोनल राणा (45) के रूप में हुई है। अधिकारी के मुताबिक, दो लोगों को तुरंत मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जबकि मलबा हटाने के बाद दो महिलाओं को बाद में बाहर निकाला गया। चारों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। एलजी अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर आलाप शाह ने बताया कि सोनल राणा को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
ओडिशा में मिले ओरांगुटानों को ले जाने की कोशिश में इंडोनेशिया ओडिशा के बालासोर जिले के जंगल में मिले पांच ओरांगुटान भारत तक कैसे पहुंचे, इसका जवाब तलाश रही ओडिशा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दीघा के होटल से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इस बीच, इंडोनेशिया ने भारतीय अधिकारियों से संपर्क कर इन जीवों को वापस ले जाने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं।
पांचों ओरांगुटान 8 सितंबर को बालासोर के भोगराई क्षेत्र के जंगल में मिले थे। उन्हें भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इनमें तीन नर और दो मादा बताए गए हैं। कर्नाटक : पुलिस ने 800 बाल मजदूर मुक्त कराए कर्नाटक में पूरे राज्य में शनिवार को बाल मजदूरी रोकने के लिए चलाए गए एक विशेष अभियान में पुलिस ने बाल मजदूरी से 800 बच्चों का बचपन बचाया।
सीएम डीके शिवकुमार के निर्देश पर राज्य भर के 962 पुलिस थानों के तहत 16,951 जगहों की तलाशी ली गई। असम कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने की समीक्षा बैठक कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ने शनिवार को असम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बैठक की। इसमें भाजपा और सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया गया।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महासचिव और असम कांग्रेस के नए प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राजनीति के अलावा ऊपरी असम के तीन जिलों में आई भयंकर बाढ़ पर भी चर्चा हुई। बघेल ने कांग्रेस नेताओं के साथ नागांव लोकसभा उपचुनाव की रणनीति पर भी अलग से बैठक की। कांग्रेस नेताओं ने बाढ़ को "मानव निर्मित" और "सिंडिकेट का परिणाम" बताते हुए जनता के बीच ले जाने तथा स्थायी समाधान की दिशा में काम करने का फैसला किया।
उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सरकारी सहायता न मिलने पर चिंता व्यक्त की और तत्काल मदद की मांग की। बैठक में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पांच सितारा होटल के विरोध में जेल में बंद आदिवासी नेता प्रणब डोले की रिहाई की मांग का प्रस्ताव भी पारित हुआ। काजीरंगा पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र को कम करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।
आगामी उपचुनावों में भाजपा और एआईयूडीएफ के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संयुक्त प्रस्ताव भी पारित हुआ। लोकतंत्र और जन अधिकारों की रक्षा के लिए समान विचारधारा वाले दलों से संवाद जारी रखने का निर्णय लिया गया और अगली बैठक जल्द बुलाने पर भी सहमति बनी। इस बैठक में गौरव गोगोई, सहित कई नेता शामिल रहे। बंगाल उपचुनाव में वाम दल के कितने प्रत्याशी पश्चिम बंगाल में छह अक्तूबर को विधानसभा उपचुनाव कराए जाने हैं।
उपचुनावों में वाम दल के प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं। सीपीआई (एम) ने रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र से अधिवक्ता सईद असद अली को मैदान में उतारा है, जबकि सीपीआई ने नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से शांति गोपाल गिरि को उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल के दोनों गुटों ने की मुलाकात, आयोग ने ऋतब्रता से मांगे दस्तावेज तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह के बाद पार्टी के नाम, चुनाव चिन्ह और संगठन को लेकर चल रहे विवाद में चुनाव आयोग ने सुनवाई की है।
चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को सुना है और ऋतब्रता से दिन खत्म होने से पहले कुछ दस्तावेज देने को कहा है। आयोग के सूत्रों ने कहा कि फिलहाल अभी दोनों तरफ जैसा था वैसा ही रहेगा। क्योंकि वह दोनों तरफ की दलीलों और दस्तावेजों का आकलन कर रहा है। इस आधार पर निर्णय व्यापक अध्ययन के बाद ही होगा। दरअसल 16 सितंबर को राज्य में उपचुनाव है।
ऐसे में आयोग ने अगर पार्टी के चुनाव चिह्न जोडा़ फूल (घासफूल) पर फैसला नहीं किया तो वह उसे फ्रीज कर दोनों दलों को निर्दलीय मैदान में जाने के लिए नया नाम और चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा। वहीं ऋतब्रता ने नया दांव खेलते हुए एलान किया है कि यदि ममता बनर्जी नंदीग्राम उपचुनाव में निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ती हैं तो वे दीदी के सम्मान में चुनावी मैदान में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे।
चुनाव आयोग की संपूर्ण पीठ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने शनिवार को पहले 11 बजे ऋतब्रता, अरूप राय, मुख्य सचेतक अख्रुज्जमान, चंद्रिमा भट्टाचार्य और रिजु दत्ता से घंटा 40 मिनट चर्चा की। जबकि ममता गुट की बैठक देर से शुरु हुई और लगभग दो घंटा चली। वहीं ममता बनर्जी गुट की ओर से कल्याण बनर्जी, डेरेक ओब्रायन, सागरिका घोष और साकेत गोखले के साथ उनके वकील अभिनव सिंह थे।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अपनी बात रखी है। सवालों के जवाब दिए हैं। अब क्या होगा वह यह नहीं बता सकते, कि आयोग उनकी बातों से कितना संतुष्ट है।