चेन्नई: तमिलनाडु की थलपति विजय सरकार की मंत्री एस कीर्तना ने उनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी। कीर्तना ने शिवकाशी के तिरुथांगल रेलवे ओवरब्रिज परियोजना में 3 करोड़ रुपये के कथित कमीशन और उनकी निजी संपत्ति को लेकर किए जा रहे दावों को बेबुनियाद बताया।

कीर्तना ने कहा कि उन्होंने न कभी रिश्वत मांगी और न ही ली है। सार्वजनिक जीवन में आलोचना होना स्वाभाविक है। लेकिन बिना सबूत भ्रष्टाचार के आरोप लगाना सामान्य आलोचना नहीं है।बोलीं- मैंने एक रुपये भी नहीं लियाउन्होंने कहा कि मैंने भ्रष्टाचार के जरिए एक रुपया भी नहीं लिया है। मैंने न तो कभी रिश्वत मांगी है और न ही ली है और न ही मैंने कोई गड़बड़ी की है।

उन्होंने कहा कि उनके कामकाज पर सवाल उठाने और उनकी ईमानदारी को लेकर जानबूझकर झूठे आरोप फैलाने के बीच स्पष्ट अंतर है। उनके मुताबिक, गंभीर आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य और सबूत होने चाहिए, न कि केवल इशारे और बार-बार दोहराई गई बातें।घर की कीमत और गहनों को लेकर भी आरोपकीर्तना ने उनपर लगाए गए विभिन्न आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर की कीमत पहले 4 करोड़ रुपये बताई गई, जिसे बाद में बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दिया गया।

इसी तरह, तिरुपति यात्रा के दौरान पहने गए फैशन नेकलेस को सोने के सिक्कों की चेन के रूप में पेश किया गया। मंत्री ने कहा कि अब तिरुथांगल रेलवे ओवरब्रिज परियोजना में 3 करोड़ रुपये के कमीशन का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित ठेकेदार ने भी इस आरोप को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि आंकड़े बदलते रहते हैं, कहानियां बदलती रहती हैं, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिलता।सबूत हैं तो अधिकारियों के पास जाएंकीर्तना ने कहा कि वह जायज सवालों का जवाब देने और अपने काम के आधार पर आंके जाने के लिए तैयार हैं।

यदि किसी के पास गलत काम का ठोस सबूत है तो वह संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे किसी मामले में वह जांच अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेंगी। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि बिना प्रमाण उनके खिलाफ भ्रष्टाचार या गलत काम के आरोप लगाने और उनकी छवि खराब करने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब झूठे दावों के जरिए किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की छूट नहीं है।