गोवा: स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान ‘ वंदे मातरम ’ को बीच में रोकने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सोमवार को गोवा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ गाया। हालांकि, उन्होंने राष्ट्रगीत के शुरुआती दो पद ही गाए। गोवा कांग्रेस के एक सम्मेलन की शुरुआत से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के अन्य नेताओं ने ‘वंदे मातरम’ का गायन किया।फिर से बढ़ सकता है विवादइस घटना के बाद बीजेपी की ओर से कांग्रेस पर हमले का एक और दौर शुरू होने की संभावना है।

क्योंकि बीजेपी पहले से ही एक वीडियो को लेकर कांग्रेस को घेर रही है। इस वीडियो में सोनिया गांधी कथित तौर पर दो पद गाए जाने के बाद राष्ट्रगीत रुकवाने का इशारा करती हुई दिखाई दे रही हैं। हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण गाया गया था।

कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी राष्ट्रगीत रुकवाने का इशारा नहीं कर रही थीं, बल्कि वह काफी देर से खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मांग रही थीं।अमित शाह ने सोनिया गांधी पर बोला था हमलास्वतंत्रता दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेतृत्व ने राष्ट्रगीत का घोर अपमान किया।

शाह ने इस मामले में कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। वहीं, पणजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोवा बीजेपी प्रवक्ता दाजी कृष्ण सालकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1937 में 'वंदे मातरम' के गायन को यह कहते हुए छोटा कर दिया था कि यह धर्मनिरपेक्ष नहीं है।सालकर बोले- माफी मांगे कांग्रेससालकर ने कहा कि 'जिस तरह उन्होंने 1937 में वंदे मातरम् के टुकड़े किए, उसी तरह 1947 में देश का विभाजन कर दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही पूरे राष्ट्रीय गीत को गाने की परंपरा शुरू की है। स्वतंत्रता दिवस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय के एक वीडियो का जिक्र करते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के आचरण से साफ है कि वे वंदे मातरम् के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि उन्हें वंदे मातरम् गाना पसंद नहीं है।

सालकर ने आरोप लगाया कि लोगों ने सोनिया गांधी को वंदे मातरम् का गायन रुकवाने की कोशिश करते देखा है और दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा था कि वंदे मातरम् राष्ट्रगान नहीं है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि वंदे मातरम् के प्रति अपनी नफरत को लेकर कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।