ईटानगर: लगातार हो रही बारिश ने अरुणाचल प्रदेश में बड़ी तबाही मचाई है। प्रदेश के कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड से हालात बिगड़ चुके हैं। वहीं चीन सीमा से सटे कई जगहों का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है जबकि पुल टूटने से कई गांवों और सीमा चौकी का संपर्क राज्य के दूसरे हिस्सों से टूट गया है। ऐसे में कुरुंग कुमे जिला प्रशासन ने तारीफ के काबिल वाला काम किया है।
प्रशासन ने सामरिक रूप से अहम सीमा चौकी 'दामिन-हुरी' तक संपर्क बहाल कर दिया है। जो कि 13 जुलाई को अचानक आई बाढ़ में बह गया था। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने 85 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (RCC) के साथ मिलकर तुरंत बहाली का काम शुरू किया। लगातार बारिश, मुश्किल इलाके और खराब मौसम के बावजूद टीमों ने एक कामचलाऊ पुल बनाया और सीमा चौकी तक संपर्क बहाल कर दिया।कब टूटा था कुरुंग कुमे में पुल?दरअसल रविवार से ही कुरुंग कुमे जिले में भारी बारिश हो रही है।
इसके चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी हालात बन गए। इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की एक अग्रिम चौकी भी बाढ़ की चपेट में आ गई थी। चौकी पर तैनात 19 जवानों का अपने बेस कैंप से संपर्क टूट गया था। वहीं बारिश के चलते कुमे नदी पर बना 84 मीटर लंबा रणनीतिक पुल भी तेज बहाव में बह गया। इस पुल के टूटने से जिले के आठ गांवों का संपर्क पूरी तरह समाप्त हो गया है।
प्रशासन की टीम ने दिन-रात एक करके पहुंचाई मददसूचना मिलने पर अधिकारियों ने तुरंत 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) भी बनाई और उसे सक्रिय किया। यह टीम नुकसान का जायजा लेने के लिए दामिन-हुरी और पारसी पारलो में मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि आपदा से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत और मदद पहुंचाई गई। क्यों अहम है ये सीमा चौकी?दरअसल दामिन-हुरी एक अहम सीमा चौकी है।
इसलिए संपर्क टूटने से सामरिक महत्व पर भी असर पड़ रहा था। ऐसे में संपर्क को समय पर बहाल करना जन-कल्याण और राष्ट्रीय महत्व दोनों ही नजरिए से जरूरी था। संपर्क बहाल होने के बाद जरूरी सामान की सप्लाई और इमरजेंसी सेवाओं का काम फिर से शुरू हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को बहुत राहत मिली है और सामरिक रूप से संवेदनशील सीमावर्ती इलाक़े तक बिना रुकावट पहुंच सुनिश्चित हो गई है।लोगों से सतर्क रहने की अपीलजिला प्रशासन ने लोगों से मॉनसून के दौरान सतर्क रहने की अपील भी की है।
क्योंकि भारी बारिश से अचानक बाढ़ और जमीन खिसकने (लैंडस्लाइड) की घटनाएं हो सकती हैं। साथ ही बहाली टीमें किसी भी भविष्य की इमरजेंसी से निपटने के लिए तैयार हैं।