चोपन थाना क्षेत्र के कोटा खास गांव के बीच स्थित देवस्थान के पास पीपल के पेड़ के नीचे बने एक पुराने कुएं में मंगलवार की सुबह एक सुनील चेरो (30) का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पानी में उतराया हुआ था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। गुजरात से दिवाली पर युवक घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव के रोपाडंडी निवासी महेंद्र का बड़ा पुत्र सुनील चेरो गुजरात में काम करता था। वह दिवाली के अवसर पर अपने घर लौट रहा था। सोमवार की सुबह गांव के लोगों को देवस्थान के पास स्थित पुराने कुएं की तरफ से दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की।

शक होने पर जब कुएं में झांककर देखा गया तो पानी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और चोपन पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चोपन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।